कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने 31 मई तक सभी विक्रय केंद्रों पर बीज पहुंचाने के दिए सख्त निर्देशउत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खरीफ सीजन-2026 के अंतर्गत किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की आपूर्ति करने के लिए सामान्य, प्रदर्शन और मिनीकिट योजना के तहत कुल 1,99,910 क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसी क्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने लखनऊ स्थित अपने आवास पर कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों को सही समय पर और उचित मात्रा में बीज उपलब्ध कराए जाएं. उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक दशा में 31 मई तक सभी विक्रय केंद्रों तक बीज पहुंच जाने चाहिए. इस निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से 75,429 क्विंटल बीज उपलब्ध कराए जा चुके हैं और प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के किसानों को 2,636 क्विंटल प्रमाणित बीजों का वितरण भी किया जा चुका है.
कृषि मंत्री शाही ने बताया कि खरीफ सीजन की प्रमुख फसलों के लिए निर्धारित लक्ष्यों के तहत धान के लिए 80,000 क्विंटल का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें से 64,228 क्विंटल उपलब्ध हो गया है और सर्वाधिक 2,634 क्विंटल इसी फसल के बीजों का वितरण हुआ है. इसके अतिरिक्त, तिलहन और दलहन फसलों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, जिसके तहत मूंगफली का लक्ष्य 57,446 क्विंटल, उर्द का 23,958 क्विंटल, अरहर का 21,225 क्विंटल, मूंग का 3,946 क्विंटल, तिल का 3,827 क्विंटल और सोयाबीन का 2,999 क्विंटल निर्धारित किया गया है.
उन्होंने बताया कि मोटे अनाजों (श्री अन्न) में ज्वार, बाजरा, सावा, कोदो, मड्डुआ (रागी), काकुन और कुटकी के लिए भी बीजों का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें बाजरा के लिए 1,972 क्विंटल और रागी के लिए 1,500 क्विंटल का प्रमुख लक्ष्य शामिल है.
प्रदेश में बीज वितरण का यह कार्य कृषि विभाग के साथ-साथ सहकारिता, आईएफएफडीसी, एचआईएल और बीबीएसएसएल के साथ मिलकर संचालित किया जा रहा है.
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का कहना है कि इसमें सर्वाधिक 1,89,990 क्विंटल बीज वितरण का लक्ष्य अकेले कृषि विभाग का है, जिसके सापेक्ष विभाग ने 74,204 क्विंटल बीज उपलब्ध कराकर 2,636 क्विंटल का वितरण कर दिया है. यह सभी प्रमाणित बीज किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे.
कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की है कि वह अनुदान पर बीज प्राप्त करने के लिए जल्दी से जल्दी agriculture.up.gov.in पोर्टल पर अपना आवेदन करें, जिससे बुवाई का कार्य सुगमता और समयबद्धता के साथ संपन्न हो सके. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश बीज निगम के एमडी टीएम त्रिपाठी तथा अपर निदेशक बीज एवं प्रक्षेत्र अनिल पाठक उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें-
'Micro-Entrepreneurship' मॉडल से यूपी के किसान बनेंगे आत्मनिर्भर, कृषि सेक्टर में ऐसे आएगी क्रांति
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today