
इफको-एमसी क्रॉप साइंस ने कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देते हुए दो नए उत्पाद 'मित्सुकी' और 'नेक्सावेट' लॉन्च किए हैं. कंपनी ने अपने पहले भव्य प्रोडक्ट लॉन्च कार्यक्रम 'स्वर्णारंभ 2026: मार्चिंग टुवर्ड्स ए न्यू गोल्डन डिकेड' के दौरान इन उत्पादों को पेश किया.
कार्यक्रम में सहकारिता क्षेत्र, कृषि व्यवसाय, वैश्विक प्रौद्योगिकी साझेदारों, चैनल पार्टनर्स, मीडिया और किसान समुदाय सहित 350 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया.
इफको और इफको-एमसी के अध्यक्ष दिलीप संघाणी ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि भारतीय कृषि के विकास में नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने कहा कि इफको-एमसी किसानों तक विश्वस्तरीय और किसान-केंद्रित तकनीक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय में सुधार और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी.
कंपनी के अनुसार, 'मित्सुकी' एक 9(3) पेटेंटेड फफूंदनाशी है, जिसे थायोफेनेट मिथाइल और पिकॉक्सीस्ट्रोबिन के संयोजन से विकसित किया गया है. यह धान की प्रमुख बीमारियों जैसे शीथ ब्लाइट, ब्लास्ट और ग्रेन डिसकलरेशन के प्रभावी नियंत्रण में मदद करेगा.
वहीं 'नेक्सावेट' नींबू वर्गीय अर्क आधारित सिलिकॉन एडजुवेंट है, जो फसलों पर किए जाने वाले स्प्रे के फैलाव, चिपकाव और अवशोषण क्षमता को बेहतर बनाता है. इससे कृषि रसायनों की प्रभावशीलता बढ़ती है और किसानों को बेहतर परिणाम मिलने की संभावना रहती है.
इफको-एमसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज वार्श्नेय ने कहा कि यह लॉन्च कंपनी की किसान-प्रथम और नवाचार आधारित सोच का प्रतीक है. उनके अनुसार, उन्नत तकनीकों और वैश्विक साझेदारियों के माध्यम से कंपनी किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले फसल सुरक्षा समाधान उपलब्ध कराती रहेगी.
इफको-एमसी की स्थापना साल 2015 में इफको और जापान की मित्सुबिशी कॉर्पोरेशन के संयुक्त उद्यम के रूप में हुई थी. कंपनी किसानों को किफायती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाले फसल संरक्षण उत्पाद उपलब्ध कराने पर काम कर रही है. वर्तमान में कंपनी शाकनाशी, कीटनाशी, फफूंदनाशी, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर (PGR) और जैविक उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध करा रही है.
कंपनी का दावा है कि उसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने, फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना है.