रहस्यमयी कुआं बना चर्चा का विषय, अचानक हिलने लगा पानी; जांच में जुटे अधिकारी

रहस्यमयी कुआं बना चर्चा का विषय, अचानक हिलने लगा पानी; जांच में जुटे अधिकारी

गुजरात के मोरबी जिले में एक किसान के खेत में बने कुएं का पानी अचानक तेज़ी से हिलने लगा, जिससे इलाके में कौतूहल का माहौल बन गया. इस अनोखी घटना को देखने के लिए आसपास के गांवों से लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं.

रहस्यमयी कुआंरहस्यमयी कुआं
क‍िसान तक
  • Morbi,
  • Aug 07, 2026,
  • Updated Aug 07, 2026, 12:36 PM IST

गुजरात के मोरबी जिले के वीरपरडा गांव से एक अत्यंत अनोखी और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां गांव के एक किसान के खेत में बने कुएं का पानी अचानक जोर-जोर से हिलने लगा. इस अद्भुत नजारे को अपनी आंखों से देखने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों से लोग बड़ी संख्या में कुएं पर पहुंच रहे हैं. वीरपरडा गांव के किसान प्राणजीवनभाई सादरिया के खेत में बने कुएं में पानी की तेज हलचल सबसे पहले रविवार और सोमवार को देखी थी. मंगलवार को अचानक पानी शांत हो गया, लेकिन बुधवार और गुरुवार को एक बार फिर कुएं का पानी इतनी जोर से हिलने लगा मानो अंदर कोई बड़ा उबाल आ रहा हो.

अनोखा नजारा देखने पहुंच रहे लोग

जैसे ही लोगों को इस घटना की जानकारी मिली, वीरपरडा और आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग इस अनोखे नजारे को देखने के लिए कुएं पर पहुंचने लगे. कई लोग इसे प्राकृतिक घटना मान रहे हैं, तो कुछ इसे रहस्यमयी घटना बता रहे हैं. हालांकि, अब तक इस बारे में कोई आधिकारिक वैज्ञानिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

मौके पर पहुंचे भूस्तर शास्त्री 

मामले की गंभीरता को देखते हुए मोरबी जिला कलेक्टर ने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं. इसके बाद जिले के भूस्तर शास्त्री (जियोलॉजिस्ट) ने मौके का दौरा कर प्रारंभिक जांच भी की. अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह संभावना जताई गई है कि लगातार हो रही बारिश के कारण कुआं तेजी से रिचार्ज हो रहा है. इस दौरान जमीन के नीचे कहीं हवा (एयर पॉकेट) फंस गई होगी, जिसके कारण पानी में लगातार हलचल दिखाई दे रही है.

जांच के बाद पता चलेगी असली वजह

विशेषज्ञों का कहना है कि यह केवल शुरुआती अनुमान है. घटना की वास्तविक वजह का पता विस्तृत वैज्ञानिक जांच और तकनीकी परीक्षण के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल वीरपरडा गांव का यह कुआं पूरे इलाके में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. हर किसी के मन में एक ही सवाल है- क्या यह सिर्फ बारिश और भूगर्भीय गतिविधियों का असर है या इसके पीछे कोई और वैज्ञानिक कारण छिपा है? अब सभी की निगाहें प्रशासन और विशेषज्ञों की अंतिम जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी घटना की असली वजह सामने आ सके. (रिपोर्ट: राजेश अंबालिया)

MORE NEWS

Read more!