
खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उर्वरक वितरण में पारदर्शिता, सुगमता और अव्यवस्था पर रोक लगाने के उद्देश्य से नरसिंहपुर जिले में हाईब्रिड मोड पर आधारित नई उर्वरक वितरण व्यवस्था लागू कर दी गई है. अब किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए टोकन प्रणाली का पालन करना होगा.टोकन ऑनलाइन (टोल-फ्री नंबर) और ऑफलाइन (डबल लॉक केंद्र) दोनों माध्यमों से जारी किए जाएंगे.
जिला प्रशासन के अनुसार किसान अब टोल-फ्री नंबर 07792-181 पर कॉल करके अपना नाम, मोबाइल नंबर, समग्र आईडी, खसरा नंबर, गांव, तहसील और निकटतम खाद वितरण केंद्र की जानकारी देकर उर्वरक के लिए टोकन बुक करा सकेंगे. उपलब्ध स्टॉक के आधार पर किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए टोकन भेजा जाएगा, जिसमें वितरण केंद्र, तारीख और समय का उल्लेख रहेगा. किसान निर्धारित समय पर संबंधित केंद्र पहुंचकर आसानी से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे.
जिन किसानों के पास ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है, उनके लिए जिले के डबल लॉक केंद्रों पर भी ऑफलाइन टोकन की व्यवस्था की गई है. किसान रविवार को छोड़कर प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक इन केंद्रों से टोकन प्राप्त कर सकेंगे.जारी किया गया टोकन अगले दिन से तीन दिनों तक वैध रहेगा.किसान चाहें तो कॉल सेंटर के माध्यम से भी ऑफलाइन टोकन बुक करा सकते हैं.
नई व्यवस्था के तहत सभी शासकीय संस्थाएं, विपणन संघ, मार्केटिंग फेडरेशन, एमपी एग्रो और निजी उर्वरक विक्रेताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही उर्वरक वितरण करना होगा. प्रत्येक बिक्री की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करना और आवश्यक अभिलेखों का संधारण अनिवार्य रहेगा, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे.
नरसिंहपुर, करेली, करकबेल, गोटेगांव, सालीचौका, गाडरवारा स्थित विपणन संघ के डबल लॉक केंद्रों, मार्केटिंग फेडरेशन केंद्रों और एमपी एग्रो केंद्र (नरसिंहपुर) पर यह व्यवस्था लागू की गई है.प्रत्येक केंद्र से प्रतिदिन 100 टोकन जारी किए जाएंगे और किसानों को अनुशंसित मात्रा के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा.
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नई व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके और खरीफ फसलों की बुआई एवं फसल प्रबंधन प्रभावित न हो. वही इस व्यवस्था से किसानों राहत मिलेगी. नई व्यवस्था में पहले से चल रही ई टोकन व्यवस्था में सुधार किया गया है.वहीं अब किसान को उर्वरक लेने के लिए केंद्र पर न लाइन लगाना होगा.