पीएम-कुसुम योजना 2 जल्द हो सकती है लॉन्च! किसानों को सोलर पंप पर मिलेगा बड़ा फायदा

पीएम-कुसुम योजना 2 जल्द हो सकती है लॉन्च! किसानों को सोलर पंप पर मिलेगा बड़ा फायदा

केंद्र सरकार जल्द ही PM-KUSUM 2 योजना शुरू कर सकती है. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने संकेत दिए हैं कि योजना का पहला चरण पूरा हो चुका है और अब नया चरण लाने की तैयारी चल रही है. इस योजना के तहत किसानों को सोलर पंप, सौर ऊर्जा परियोजनाओं और बिजली उत्पादन के लिए सहायता मिल सकती है.

Jammu Kashmir Solar Energy Jammu Kashmir Solar Energy
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 07, 2026,
  • Updated Aug 07, 2026, 1:54 PM IST

किसानों के लिए जल्द ही बड़ी खुशखबरी आ सकती है. दरअसल, केंद्र सरकार PM-KUSUM योजना 2 लाने की तैयारी कर रही है. केंद्रीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि PM-KUSUM योजना 1 का पहला चरण पूरा हो चुका है और अब जल्द ही इसका नया चरण शुरू किया जा सकता है. इस योजना के तहत किसानों को सोलर पंप लगाने, खेतों में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल करने और खाली जमीन पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली बेचने का मौका मिल सकता है. इससे किसानों का डीजल और बिजली पर खर्च कम होगा, साथ ही खेती के साथ अतिरिक्त कमाई का भी रास्ता खुलेगा.

क्या है PM-KUSUM योजना?

प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा और उत्थान महाभियान (PM-KUSUM) का उद्देश्य किसानों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है. इस योजना के तहत किसान स्टैंडअलोन सोलर पंप लगा सकते हैं और पहले से लगे ग्रिड से जुड़े सिंचाई पंपों को सोलर पावर से चला सकते हैं. इसके लिए केंद्र सरकार 30 से 50 प्रतिशत तक सब्सिडी देती है. इसके अलावा किसान अपनी बंजर या खाली जमीन पर 2 मेगावाट तक का सोलर पावर प्लांट लगाकर स्थानीय बिजली वितरण कंपनी को बिजली बेच सकते हैं. इससे खेती के साथ-साथ अतिरिक्त आमदनी का भी अवसर मिलता है.

रूफटॉप सोलर और सस्ती होगी सौर ऊर्जा

प्रह्लाद जोशी ने बताया कि सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कदम उठा रही है. बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को 3,800 करोड़ रुपये से अधिक और शहरी स्थानीय निकायों को 104 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग रूफटॉप सोलर अपनाएं. उन्होंने कहा कि सरकार ने रिन्यूएबल एनर्जी उपकरणों और उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कंपोनेंट्स पर GST 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया है. इससे सोलर सिस्टम की लागत कम होगी.

PM-KUSUM 1 के अच्छे रहे परिणाम

7वीं CII इंटरनेशनल एनर्जी कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रह्लाद जोशी ने कहा कि PM-KUSUM योजना 1 के तहत कई महत्वपूर्ण लक्ष्य हासिल किए गए हैं. सरकार के अनुसार, जुलाई 2026 तक 10,000 मेगावाट के लक्ष्य में से 1,986.3 मेगावाट क्षमता के ग्रिड-कनेक्टेड सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं. वहीं, 13.07 लाख स्टैंडअलोन सोलर पंप मंजूर किए गए थे, जिनमें से 11.69 लाख पंप लगाए जा चुके हैं. इसके अलावा हजारों सिंचाई पंपों का सोलराइजेशन भी किया गया है, जिससे किसानों की बिजली और डीजल पर निर्भरता कम हुई है.

किसानों और आम लोगों को होगा फायदा

प्रह्लाद जोशी के अनुसार, GST कम होने से PM सूर्य घर योजना के तहत लगने वाला 3 किलोवाट का रूफटॉप सोलर सिस्टम करीब 9,000 से 10,500 रुपये तक सस्ता हो सकता है. इसी तरह 5 हॉर्स पावर (HP) का सोलर पंप भी करीब 17,500 रुपये तक सस्ता हो सकता है. ऐसे में अगर 10 लाख सोलर पंप लगाए जाते हैं तो किसानों को कुल मिलाकर लगभग 1,550 करोड़ रुपये की बचत हो सकती है.

घरेलू निर्माण को भी मिलेगा बढ़ावा

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि सरकार देश में सोलर उपकरणों का उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रही है. इसके तहत रिन्यूएबल एनर्जी उपकरणों के आयात पर निगरानी रखने की नई व्यवस्था शुरू की गई है. साथ ही, मार्च 2028 तक लिथियम-आयन सेल बनाने में इस्तेमाल होने वाले जरूरी मशीनों और उपकरणों पर मिलने वाली टैक्स छूट भी बढ़ा दी गई है. इससे भारत में सोलर उपकरण बनाना सस्ता होगा और उनकी कीमत भी कम हो सकती है.

उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योग मिलकर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, इसकी लागत घटाने और देश में उत्पादन बढ़ाने पर काम कर रहे हैं. अगर PM-KUSUM 2 योजना शुरू होती है, तो किसानों को कम खर्च में सिंचाई, सोलर से बिजली बनाने और बिजली बेचकर अतिरिक्त कमाई करने का बड़ा मौका मिल सकता है. (ANI)

MORE NEWS

Read more!