
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बदले मौसम के मिजाज ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और हल्की ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को जमीन पर गिरा दिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. कई इलाकों में हरी-पीली और लगभग तैयार फसल पूरी तरह से लेट चुकी है. खेतों का यह मंजर देखकर किसानों के चेहरे पर मायूसी साफ नजर आ रही है.
तेज हवा, बारिश और ओलों का असर इस कदर पड़ा कि खड़ी फसल संभल ही नहीं पाई. किसानों का कहना है कि जब गेहूं की फसल गिर जाती है तो दाने छोटे रह जाते हैं और उत्पादन पर सीधा असर पड़ता है. पहले जहां अच्छी पैदावार की उम्मीद रहती थी, अब आधी उपज मिलने की आशंका है. इससे लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है.
फतेहपुर कला के किसान उगवल ने बताया कि गिर चुकी फसल को काटना भी बेहद मुश्किल हो गया है. उन्होंने कहा कि मेहनत, खाद और सिंचाई पर जो खर्च किया गया, वह भी अब नहीं निकल पा रहा है. उनका कहना है कि गेहूं गिरने के बाद उसकी कीमत लगभग आधी रह जाती है, जिससे सीधा आर्थिक नुकसान होता है और किसान कर्ज के बोझ में दबने लगता है.
वहीं किसान बचनलाल ने भी मौसम को नुकसान की बड़ी वजह बताया. उन्होंने कहा कि तेज हवा, बारिश और हल्की ओलावृष्टि के चलते गेहूं की फसल पूरी तरह गिर गई है. उनका कहना है कि गिरने के बाद दाने की गुणवत्ता खराब हो जाती है और दाना काला और पतला रह जाता है. ऐसे में किसानों को मेहनत के मुकाबले बहुत कम फायदा मिलता है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है.
यूपी के कई जिलों में बारिश से गेहूं की फसल पर खतरा मंडराने लगा है. औरैया जिले में भी किसानों की फसल पर खतरा बढ़ गया है. किसानों ने बड़ी मेहनत से गेहूं की फसल खेतों में बोई थी. फसल खेतों में अच्छी हुई लेकिन बारिश ने सब मेहनत पर पानी फेर दिया. जहां तेज बारिश के साथ-साथ ओले पड़े और हवा भी चली जिससे खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल गिर गई. फसल गिरने से अब उसकी पैदावार आधी रह जाएगी जिसको लेकर किसान परेशान हैं. वही खेतों में काट कर रखी गई फसल भी बारिश के कारण भींग गई. अब कटाई के लिए इंतजार करना पड़ेगा. इन फसलों से जानवरों के लिए भूसा साफ निकलना था, लेकिन अब काला पड़ जाएगा. इसे लेकर किसान परेशान हैं.
किसान राजकिशोर ने बताया कि बारिश और ओले पड़ने से खड़ी फसल खेतों में गिर गई जिससे पैदावार आधी हो जाएगी. उनकी फसल को बड़ा नुकसान हुआ है. किसान अनिल ने कहा कि बारिश और ओलों ने पूरी फसल बर्बाद कर दी. गेहूं की फसल को बड़ा नुकसान हुआ है. खेत में खड़ी फसल गिर गई और जो कटी हुई थी, वह भी भींग गई.(सूर्य कुमार शर्मा के इनपुट के साथ)