
गर्मी का मौसम शुरू होते ही देश के कई राज्यों में मौसम अचानक बदल गया है. रविवार को कई जगहों पर तेज आंधी और ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ. तेज हवा और ओलों की बारिश के कारण खेतों में खड़ी गेहूं और ज्वार की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है. कई किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है. उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले से भी फसल नुकसान की खबर सामने आई है. यहां कई इलाकों में हुई ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान चिंतित हैं.
उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में बारिश और ओले गिरने से प्रदेश में ठंड लौट आई है. देहरादून के बाहरी क्षेत्रों में बारिश से ठंड बढ़ी है, सुबह से बादलों के साथ ठंडी हवा जारी है. वहीं. ऊधम सिंह नगर के कई क्षेत्रों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई है, जिससे किसानों की गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है. दूसरी ओर पौड़ी में भी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के पूर्वानुमान के अनुसार बारिश शुरू हो गई है और वहां भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है.
नैनीताल में रविवार सुबह तेज गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग ने पूरे दिन मौसम खराब रहने, बारिश और तेज अंधड़ चलने की संभावना जताते हुए कुछ जिलों के लिए येलो और अधिक बारिश की आशंका वाले इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
ऊधम सिंह नगर के कई इलाकों में ओला ओलावृष्टि हुई है, जिससे किसानों की गेहूं की तैयार फसल नष्ट हो सकती है. साथ में तेज हवा के साथ हुई बारिश से गेहूं की फसल गिर गई है, जहां भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है. हवा बारिश और ओलावृष्टि से ठंड के मौसम का अहसास होने लगा है, जिससे एक बार फिर गर्म कपड़े बाहर निकले हैं.
आपको बता दें कि एक बार फिर मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित होती दिख रही है. उधम सिंह नगर के जसपुर में सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश हो रही है. वहीं, इस बारिश के बाद किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं. अगर बारिश ज्यादा होती है तो गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हो सकता है, क्योंकि की सरसों और गेहूं की फसल पककर तैयार है.