हिमाचल में गधी के दूध का स्टार्टअप: क्यों इतना महंगा बिकता है यह दूध, स्पीति नस्ल पर शुरू हुई फार्मिंग

हिमाचल में गधी के दूध का स्टार्टअप: क्यों इतना महंगा बिकता है यह दूध, स्पीति नस्ल पर शुरू हुई फार्मिंग

हिमाचल प्रदेश का पहला संगठित डोंकी फार्म बिलासपुर के कंदरौर में खुला है. मंत्री राजेश धर्माणी ने शुभारंभ किया. यहां स्पीति नस्ल की गधियों के दूध का उत्पादन होगा, जिसकी कीमत 7,000 रुपये प्रति लीटर बताई जा रही है.

Himachal Pradesh first donkey farmHimachal Pradesh first donkey farm
क‍िसान तक
  • बिलासपुर,
  • Nov 18, 2026,
  • Updated Nov 18, 2026, 5:17 PM IST

हिमाचल प्रदेश में पशुपालन के क्षेत्र में नई पहल करते हुए प्रदेश का पहला संगठित डोंकी फार्म बिलासपुर जिले के कंदरौर इलाके में खोला गया है. प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने इसका उद्घाटन किया. यहां गधी का दूध बेचा जाएगा, जिसकी कीमत करीब 7,000 रुपये प्रति लीटर बताई जा रही है.

क्यों खास है गधी का दूध

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गधी के दूध की मांग खासकर फार्मास्युटिकल और स्किन केयर उद्योग में है. इसमें लैक्टोज, व्हे प्रोटीन और लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसी जैविक चीजें पाई जाती हैं, इसलिए इसे विशेष उत्पाद माना जाता है. कई देशों में इसका इस्तेमाल सौंदर्य प्रसाधन और अन्य विशेष उत्पाद बनाने में हो रहा है.

मंत्री बोले: स्वरोजगार की संभावनाएं, पर शोध जरूरी

उद्घाटन के बाद मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि गधा पालन और गधी के दूध के उत्पादन पर आधारित यह अपनी तरह का अनूठा स्टार्टअप है. इसमें भविष्य में स्वरोजगार और व्यावसायिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं. उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में वैज्ञानिक शोध, क्वालिटी टेस्ट, प्रोसेसिंग और बाजार की संभावनाओं का अध्ययन जरूरी है, ताकि हिमाचल में इस पहल को व्यावसायिक रूप से आगे बढ़ाया जा सके.

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. सरकार पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, बेहतर मार्केटिंग व्यवस्था और नवाचार को बढ़ावा दे रही है, ताकि युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलें.

इस मौके पर मंत्री ने डेयरिका फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक संजीव सिंह ठाकुर और सह-संस्थापक सीरत तूर को इस पहल के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं.

कंपनी का काम

संस्थापक संजीव ठाकुर के मुताबिक कंपनी दुग्ध उत्पादन और संग्रहण के क्षेत्र में काम कर रही है. वह फिलहाल रोजाना 2,700 लीटर से ज्यादा दूध एकत्र करती है. आसपास के पशुपालकों को जोड़कर उनके दूध के मार्केटिंग में भी मदद करती है. इससे स्थानीय पशुपालकों को बाजार मिल रहा है और उनकी आय बढ़ाने में सहायता मिल रही है.

स्पीति के गधों की नस्ल पर फार्मिंग

सह-संस्थापक सीरत तूर ने बताया कि देश में गधों की संख्या लगातार घट रही है. इसी से प्रेरणा लेकर उन्होंने लाहौल-स्पीति के गधों की प्रजाति पर यह फार्मिंग शुरू की है. उन्होंने कहा कि यह हिमाचल की अपनी नस्ल है.(महेश कुमार का इनपुट)

MORE NEWS

Read more!