धान की रिकॉर्ड पैदावारतमिलनाडु में इस साल धान की बंपर पैदावार हुई है. इसको लेकर राज्य के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र को पत्र लिखकर केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि खरीफ खरीद सत्र 2025-26 के लिए तमिलनाडु में धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाया जाए. उन्होंने कहा कि अभी राज्य के लिए 16 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य तय है, जिसे बढ़ाकर 32 लाख मीट्रिक टन किया जाना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में बताया कि इस साल तमिलनाडु में धान का उत्पादन काफी ज्यादा हुआ है. इसका मुख्य कारण मेट्टूर बांध का समय पर खोला जाना है. इसके अलावा बेहतर खेती प्रबंधन और अनुकूल मौसम रहा है. इन वजहों से किसानों को अच्छी पैदावार मिली है.
CM स्टालिन ने बताया कि उन्होंने नवंबर 2025 में भी केंद्र सरकार को पत्र लिखकर धान खरीद के लक्ष्य को बढ़ाने की मांग की थी. उनका कहना है कि राज्य में उत्पादन ज्यादा होने के कारण वास्तविक खरीद भी अधिक हो रही है, इसलिए लक्ष्य को बढ़ाना जरूरी है.
मुख्यमंत्री के मुताबिक, तमिलनाडु नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड ने मिलकर अब तक करीब 36.63 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद कर ली है, जबकि पिछले साल इसी समय तक यह आंकड़ा 24.17 लाख मीट्रिक टन था. वहीं, खरीदे गए 36.63 लाख मीट्रिक टन धान से लगभग 24.91 लाख मीट्रिक टन चावल निकलने की उम्मीद है. यानी केंद्र सरकार द्वारा तय किया गया 16 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य पहले ही पार हो चुका है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी भी धान की खरीद करीब 50,000 मीट्रिक टन प्रतिदिन की दर से जारी है. इसी रफ्तार से खरीद जारी रही तो इस साल कुल खरीद लगभग 47.50 लाख मीट्रिक टन धान तक पहुंच सकती है. ऐसे में स्टालिन ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाने के लिए जल्द जरूरी निर्देश दिए जाएं. इससे खरीद प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी और किसानों को उनकी फसल का समय पर भुगतान मिल सकेगा. (PTI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today