
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत मोटे अनाजों की खेती को प्रोत्साहित कर रहा है. इसी क्रम में जनपद उन्नाव के जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में ‘श्री अन्न (मिलेट्स) गैलरी’ का शुभ उद्घाटन जिलाधिकारी गौरांग राठी द्वारा फीता काटकर किया गया. इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि श्री अन्न (मिलेट्स) पोषण सुरक्षा, स्वास्थ्य संवर्धन एवं किसानों की आय वृद्धि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण फसलें हैं. उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक मिलेट्स की खेती अपनाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया.
गौरांग राठी ने कहा कि मिलेट्स में आयरन की मात्रा अधिक होती है, जिससे यह सेहत के लिए भी लाभकारी है. उन्होंने बताया कि मिलेट्स से लड्डू, बिस्किट और अन्य उत्पाद तैयार कर किसान वैल्यू एडिशन के माध्यम से अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकते हैं.
मुख्य विकास अधिकारी कृति राज ने कहा कि जनपद में श्री अन्न के उत्पादन एवं प्रसार के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं. इस गैलरी के माध्यम से किसानों एवं आमजन को मिलेट्स की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती की विधियों एवं उनके पोषण संबंधी लाभों की जानकारी सरल एवं आकर्षक रूप में प्राप्त होगी.
वहीं, उप कृषि निदेशक रवि चन्द्र प्रकाश ने बताया कि गैलरी में ज्वार, बाजरा, रागी सहित विभिन्न प्रकार के श्री अन्न की जानकारी, उत्पादन तकनीक एवं उपयोगिता का प्रदर्शन किया गया है, जिससे किसानों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी. कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने गैलरी का अवलोकन किया तथा जनपद में श्री अन्न उत्पादन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया.
आपको बता दें कि श्रीअन्न को बढ़ावा देने के साथ ही योगी सरकार ने इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य भी बढ़ाया है. मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2400 रुपये प्रति कुंतल, बाजरा का 2775 रुपये प्रति कुंतल, ज्वार (हाइब्रिड) का 3699 व ज्वार (मालवांडी) का 3749 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है. इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, उप कृषि निदेशक रवि चन्द्र प्रकाश सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें-
उत्तर प्रदेश में 'फार्मर रजिस्ट्री' अभियान को मिली रफ्तार, अब तक 1.7 करोड़ किसानों को मिली नई पहचान
योगी सरकार के 'टैक्स मॉडल' से UP में किसानों को मिल रहा सीधा फायदा, जानें सब कुछ