महाराष्‍ट्र के अमरावती में मूसलाधार बारिश का कहर, 38 हजार हेक्टेयर से ज्यादा फसलें डूबीं, दो लोगों की मौत

महाराष्‍ट्र के अमरावती में मूसलाधार बारिश का कहर, 38 हजार हेक्टेयर से ज्यादा फसलें डूबीं, दो लोगों की मौत

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में मूसलाधार बारिश से 39 राजस्व मंडलों में अतिवृष्टि दर्ज की गई. 38 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि क्षेत्र जलमग्न हो गया, जिससे सोयाबीन समेत खरीफ की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. बाढ़ से जुड़े हादसों में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि कई गांवों का संपर्क टूट गया और राहत-बचाव अभियान जारी है.

amravati rain newsamravati rain news
धनंजय साबले
  • Amravati,
  • Aug 01, 2026,
  • Updated Aug 01, 2026, 12:19 PM IST

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है. जिले के 39 राजस्व मंडलों में अतिवृष्टि दर्ज की गई है. 38 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि क्षेत्र जलमग्न हो गया है. सोयाबीन समेत खरीफ की कई फसलें पानी में डूब गई हैं. बाढ़ से जुड़े हादसों में दो लोगों की मौत हो गई है. कई गांवों का संपर्क भी टूट गया है. जिले में एक ही दिन में औसतन 75.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. सबसे अधिक असर नांदगांव खंडेश्वर तहसील में देखने को मिला है, जहां कई राजस्व मंडलों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई है. लगातार बारिश से बेंबला और साखली नदियां उफान पर हैं. छोटे-बड़े नालों में भी तेज बहाव बना हुआ है. कई खेत तालाब में तब्दील हो गए हैं.

38 हजार हेक्टेयर से ज्यादा फसल प्रभावित

प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार नांदगांव खंडेश्वर तहसील में 31,151 हेक्टेयर, भातकुली में 4,521 हेक्टेयर और धामनगांव रेलवे तहसील में 2,138 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है. कई खेतों में पानी भरने से सोयाबीन समेत खरीफ की फसलें डूब गई हैं. कृषि और राजस्व विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कर पंचनामा तैयार कर रही हैं.

जिले में बाढ़ से दो लोगों की मौत

भारी बारिश के बीच बाढ़ के पानी में बहने से दो लोगों की जान चली गई है. जिला आपदा खोज एवं बचाव दल (DDRF) ने नांदगांव खंडेश्वर में फंसे नौ और चांदूर रेलवे तहसील में सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है.

बारिश के कारण जिले के 1,022 मकानों को नुकसान पहुंचा है. इनमें सबसे ज्यादा 959 मकान नांदगांव खंडेश्वर तहसील में क्षतिग्रस्त हुए हैं. धामक गांव में बाढ़ का पानी घरों में घुसने से कई परिवार प्रभावित हुए हैं. प्रशासन ने इन परिवारों को सुरक्षित स्थानों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरित किया है.

बाढ़ में बहे युवक का शव बरामद

सातरगांव के मेंढी नाले में गुरुवार शाम बाढ़ के पानी में बह गए 28 वर्षीय शेख शोयब शेख अख्तर का शव शुक्रवार को बरामद किया गया है. वह अमरावती से कंझरा की ओर बाइक से जा रहा था. पुल पर तेज बहाव के बावजूद उसने बाइक आगे बढ़ा दी और पानी में बह गया. बाद में घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसका शव बरामद किया गया.

चांदूर रेलवे तहसील में खोलाड नदी के तेज बहाव से बेलोरा-धामक मार्ग का एक हिस्सा बह गया है. इससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है. दाढ़ी-पेढ़ी क्षेत्र में नदी में आई बाढ़ के कारण मूर्तिजापुर मार्ग भी कई घंटे तक बंद रहा.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नांदगांव खंडेश्वर तहसील में स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं. जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की. अधिकारियों को नुकसान का जल्द आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.

इन तहसीलों में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज

सबसे अधिक 201.8 मिलीमीटर बारिश नांदगांव खंडेश्वर तहसील में दर्ज की गई है. चांदूर रेलवे में 165.6 मिलीमीटर, धामनगांव रेलवे में 148 मिलीमीटर, भातकुली में 66.7 मिलीमीटर और अमरावती तहसील में 27.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है. प्रशासन का कहना है कि फसल और संपत्ति के वास्तविक नुकसान का आकलन अभी जारी है.

MORE NEWS

Read more!