Sunflower Procurement: सूरजमुखी खरीद में देरी पर भड़के किसान, शाहाबाद मंडी के बाहर दिया धरना

Sunflower Procurement: सूरजमुखी खरीद में देरी पर भड़के किसान, शाहाबाद मंडी के बाहर दिया धरना

हरियाणा के शाहाबाद में सूरजमुखी खरीद शुरू नहीं होने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा. भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने मंडी के बाहर धरना दिया और सरकार पर झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया.

sunflower Procurement Haryanasunflower Procurement Haryana
क‍िसान तक
  • Noida,
  • May 28, 2026,
  • Updated May 28, 2026, 12:14 PM IST

हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में सूरजमुखी की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने बुधवार को विरोध-प्रदर्शन किया. किसानों ने शाहाबाद अनाज मंडी के बाहर लाडवा रोड पर धरना देकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार ने 25 मई से खरीद शुरू करने का ऐलान किया था, लेकिन मंडी में व्यवस्था नहीं होने से किसान परेशान हो रहे हैं. दरअसल, पहले सूरजमुखी खरीद 1 जून से शुरू होनी थी. किसानों की मांग के बाद राज्य सरकार ने खरीद की तारीख बदलकर 25 मई कर दी थी. इसके बावजूद 27 मई तक खरीद शुरू नहीं हो सकी, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ गई.

झूठा श्रेय ले रही राज्‍य सरकार: किसान नेता

इसी को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के बैनर तले किसान शाहाबाद अनाज मंडी पहुंचे और मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. किसानों ने अधिकारियों पर मुख्यमंत्री के आदेशों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. प्रदर्शन कर रहे किसानों नेता ने कहा कि भाजपा नेता तारीख बदलकर जल्‍दी खरीद शुरू होने का श्रेय ले रहे हैं, लेकिन जमीन पर कोई काम नहीं हुआ. किसानों ने कहा कि जब सरकार तैयार ही नहीं थी तो 25 मई से खरीद शुरू करने की घोषणा क्यों की गई?

मार्केटिंग कमेटी ने की समझाने की कोशिश

ट्रिब्‍यून की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान मौके पर पहुंचे मार्केटिंग कमेटी अधिकारियों ने किसानों को समझाने की कोशिश की और कहा कि वे मार्केटिंग बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों से बात करें, लेकिन किसान खरीद शुरू होने से पहले बातचीत के लिए तैयार नहीं हुए. इसके बाद किसान सड़क की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की. इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई, लेकिन किसान सड़क पर पहुंच गए और वहीं धरना शुरू कर दिया.

हर साल आंदोलन करना पड़ता है: राकेश बैंस

धरने का नेतृत्व कर रहे भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रवक्ता राकेश बैंस ने कहा कि हर साल सूरजमुखी बेचने के लिए किसानों को आंदोलन करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में सड़क पर बैठना किसानों की मजबूरी है, शौक नहीं. राकेश बैंस ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार किसानों को गुमराह कर रही है, क्योंकि आदेश जारी होने के बावजूद खरीद शुरू नहीं की गई. उन्होंने कहा कि अधिकारी यह कहकर बच रहे थे कि उन्हें अभी तक खरीद के निर्देश नहीं मिले हैं.

प्रदर्शन के बाद शाम को शुरू हुई खरीद

विवाद बढ़ने के बाद शाम के समय खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई, जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया. शाहाबाद ग्रेन मार्केट कमेटी के चेयरमैन करण राज सिंह तूर ने कहा कि सरकार के निर्देश के अनुसार 25 मई से खरीद शुरू होनी थी और कई किसानों को गेट पास भी जारी किए जा चुके थे. हालांकि, तकनीकी कारणों और आधिकारिक पत्र मिलने में देरी की वजह से प्रक्रिया समय पर शुरू नहीं हो सकी.

उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब खरीद सुचारु रूप से कराई जाएगी. वहीं, शाहाबाद मार्केट कमेटी के सचिव कृष्ण कुमार मलिक ने बताया कि बुधवार को करीब 468 क्विंटल सूरजमुखी की खरीद की गई. अब तक 43 किसानों को गेट पास जारी किए गए हैं. उन्होंने कहा कि 13 गेट पास वाले किसानों की फसल खरीदी गई, जबकि बाकी फसल में नमी अधिक होने के कारण खरीद नहीं हो सकी.

MORE NEWS

Read more!