पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले किसानों को साधने में जुटी BJP, हरियाणा CM ने किसान नेताओं से की मुलाकात

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले किसानों को साधने में जुटी BJP, हरियाणा CM ने किसान नेताओं से की मुलाकात

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने किसानों के बीच सक्रियता बढ़ा दी है. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसान संगठनों के नेताओं से मुलाकात कर MSP, मुआवजे और किसान हितों पर चर्चा की.

Advertisement
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले किसानों को साधने में जुटी BJP, हरियाणा CM ने किसान नेताओं से की मुलाकातकिसान नेताओं से चर्चा करते हुए हरियाणा सीएम

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने किसानों के बीच अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है. इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में पंजाब के विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की. इस दौरान उनकी किसानों से जुड़े मुद्दों, कृषि व्यवस्था और पंजाब के मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा हुई. मुलाकात में दोआबा किसान यूनियन, किसान बचाओ मोर्चा और कम्बोज बिरादरी के प्रतिनिधि शामिल रहे.

किसान आंदोलन के बाद बदले समीकरण

पंजाब में बीजेपी लंबे समय से किसानों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है. वर्ष 2020-21 के किसान आंदोलन के बाद राज्य में पार्टी को भारी राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा था और बड़ी संख्या में किसान भाजपा से दूर हो गए थे. पिछले विधानसभा चुनाव में भी इसका असर देखने को मिला.

अब पार्टी फिर से किसानों के साथ संवाद बढ़ाकर राजनीतिक जमीन मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है. हाल ही में आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं और सांसदों को भाजपा में शामिल कराने के बाद पार्टी का फोकस अब ग्रामीण और किसान वर्ग पर दिखाई दे रहा है.

किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने पंजाब के किसानों के सामने आ रही चुनौतियों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. इस पर नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करना भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार लगातार ऐसी नीतियों पर काम कर रही है, जिनसे किसानों की आय बढ़े और खेती को आर्थिक रूप से अधिक मजबूत बनाया जा सके.

MSP और मुआवजे का दिया उदाहरण

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि हरियाणा में सरकार किसानों की फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP पर सुनिश्चित कर रही है. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा या फसल खराब होने की स्थिति में किसानों को समय-समय पर मुआवजा भी दिया जाता है. सरकार का प्रयास है कि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जाए और किसानों की आय में स्थायी बढ़ोतरी हो.

पंजाब में बीजेपी सरकार बनने का किया दावा

बैठक के दौरान नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और भाजपा सरकार हमेशा किसान हितों को प्राथमिकता देती रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो किसानों से जुड़े मुद्दों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें कृषि क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही हैं.

POST A COMMENT