Goat Farming: बकरी पालन से बदली इस युवक की जिंदगी, जानें किस योजना से मिला फायदा

Goat Farming: बकरी पालन से बदली इस युवक की जिंदगी, जानें किस योजना से मिला फायदा

उत्तर प्रदेश सरकार की बकरी पालन योजना गांव के गरीब और बेरोजगार लोगों के लिए नई उम्मीद बन रही है. झांसी के कई किसान और महिलाएं इस योजना का लाभ लेकर बकरी पालन से अच्छी कमाई कर रहे हैं. सरकार की आर्थिक मदद और लोन सुविधा से लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं और गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं.

बकरी पालन से बदली गांव की किस्मतबकरी पालन से बदली गांव की किस्मत
क‍िसान तक
  • Jhansi,
  • May 20, 2026,
  • Updated May 20, 2026, 11:25 AM IST

उत्तर प्रदेश सरकार गांव के लोगों को रोजगार देने और उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है. इन्हीं में से एक है बकरी पालन योजना. इस योजना का फायदा खासकर गरीब, बेरोजगार और छोटे किसानों को मिल रहा है. जो लोग पहले आर्थिक परेशानी से जूझ रहे थे, अब वही लोग बकरी पालन करके अच्छा पैसा कमा रहे हैं. झांसी जिले के कई गांवों में इस योजना ने लोगों की जिंदगी बदल दी है.

क्या है बकरी पालन योजना?

बकरी पालन योजना उत्तर प्रदेश सरकार की एक ऐसी योजना है, जिसमें गांव के लोगों को बकरी खरीदने के लिए आर्थिक मदद दी जाती है. इस योजना के तहत सरकार लोगों को लोन और सहायता राशि देती है ताकि वे बकरी पालन का काम शुरू कर सकें. कई लोगों को इसमें सब्सिडी का लाभ भी मिलता है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य गांव के लोगों को रोजगार देना, उनकी आमदनी बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. खास बात यह है कि इस काम को महिलाएं और युवा भी आसानी से कर सकते हैं. बकरी पालन के लिए ज्यादा बड़ी जमीन या बड़े खर्च की जरूरत नहीं होती. इसलिए गरीब परिवार भी इस काम को शुरू कर सकते हैं.

जितेन्द्र ने योजना से बदली अपनी जिंदगी

झांसी के ईशागढ़ गांव में रहने वाले जितेन्द्र पहले नौकरी की तलाश में इधर-उधर घूमते थे. उनके पास कोई पक्का काम नहीं था. घर की आर्थिक हालत भी अच्छी नहीं थी. तभी उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार की बकरी पालन योजना के बारे में पता चला. जितेन्द्र पशु अस्पताल पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उन्हें योजना की पूरी जानकारी दी. उन्होंने फार्म भरा और कुछ समय बाद उनका चयन हो गया. सरकार की तरफ से उन्हें 45 हजार रुपये की मदद मिली. इसके बाद उन्होंने अपनी तरफ से कुछ पैसे मिलाकर 6 बकरियां खरीदीं.

धीरे-धीरे उनका काम बढ़ने लगा. उन्होंने कुछ बकरियां बेचकर करीब 20 हजार रुपये का लाभ भी कमाया. अब वह इस काम को और आगे बढ़ाना चाहते हैं. जितेन्द्र के पिता देशराज बताते हैं कि पहले उनका बेटा काम की तलाश में परेशान रहता था, लेकिन अब वह अपने गांव में ही अच्छा रोजगार कर रहा है.

महिलाओं को भी मिल रहा फायदा

इस योजना का लाभ गांव की महिलाओं को भी मिल रहा है. ईशागढ़ गांव की रहने वाली मालती बताती हैं कि उन्हें इस योजना के बारे में जितेन्द्र ने बताया था. इसके बाद वह भी पशु अस्पताल पहुंचीं और योजना के लिए आवेदन किया. मालती का चयन हो गया और उन्हें बकरी खरीदने के लिए सरकार की तरफ से 60 हजार रुपये का लोन मिला. बकरियां खरीदने में कुल 62 हजार रुपये लगे, जिसमें 2 हजार रुपये उन्होंने खुद लगाए. आज उनके पास कई बकरियां हैं और वह बकरियां बेचकर अच्छा पैसा कमा रही हैं.

मालती कहती हैं कि पहले घर चलाना मुश्किल होता था, लेकिन अब उनकी आमदनी बढ़ गई है. वह आगे और ज्यादा बकरियां खरीदकर अपना काम बढ़ाना चाहती हैं.

बकरी पालन योजना के क्या-क्या लाभ हैं?

बकरी पालन योजना से गांव के लोगों को कई बड़े फायदे मिल रहे हैं. सबसे बड़ा लाभ यह है कि लोगों को अपने गांव में ही रोजगार मिल रहा है. उन्हें काम की तलाश में शहर नहीं जाना पड़ रहा. इस योजना से गरीब परिवारों की आमदनी बढ़ रही है. लोग बकरियों का दूध बेचकर और बकरियों को बेचकर अच्छा पैसा कमा रहे हैं. बकरी पालन में खर्च भी कम आता है और लाभ जल्दी मिलने लगता है.

महिलाएं भी इस योजना से आत्मनिर्भर बन रही हैं. वे घर का काम करने के साथ-साथ बकरियों की देखभाल भी कर लेती हैं. इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है. सरकार की तरफ से लोगों को पशुओं की देखभाल, दवाई और पालन की जानकारी भी दी जाती है. इससे बकरियां स्वस्थ रहती हैं और लोगों को ज्यादा लाभ मिलता है.

गांवों में बढ़ रहा आत्मविश्वास

आज झांसी के कई गांवों में लोग इस योजना से जुड़ रहे हैं. युवा और महिलाएं अब अपना छोटा व्यवसाय शुरू कर रहे हैं. इससे गांवों में रोजगार बढ़ रहा है और लोगों का आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है.

बकरी पालन योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आई है. सरकार की मदद और लोगों की मेहनत से गांव के परिवार अब बेहतर जिंदगी की तरफ आगे बढ़ रहे हैं. (प्रमोद कुमार गौतम का इनपुट)

ये भी पढ़ें: 

बस्तर के विकास मॉडल में खेती और डेयरी पर फोकस, अमित शाह बोले- आदिवासी परिवारों को गाय-भैंस देगी सरकार
PM मोदी की 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' को रफ्तार देगा कृषि मंत्रालय, खेती-किसानी और कारोबार के लिए आसान होंगी प्रक्रियाएं

MORE NEWS

Read more!