उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में इन दिनों बारिश का सिलसिला जारी है. (File Photo:PTI)उत्तर प्रदेश में मॉनसून का असर अभी जारी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 अगस्त यानी सोमवार को यूपी के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी. आईएमडी ने बारिश के साथ गरज-चमक यानी वज्रपात की संभावना भी जताई है. खासकर जहां गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है, वहां आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. इसलिए खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है.
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मोरादाबाद, अलीगढ़, आगरा, झांसी, मथुरा, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयोगराज, बदायूं, आजमगढ़, इटावा, ललितपुर, वाराणसी, महोबा, सोनभद्र, और बिजनौर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 24 अगस्त को मौसम अपेक्षाकृत कम सक्रिय रहेगा. आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, अलीगढ़, हाथरस, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, फर्रुखाबाद, कन्नौज और जालौन समेत कुछ जिलों में स्थानीय स्तर पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है.
लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि निचले क्षोभमंडल में पूर्वी उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मानसूनी द्रोणी का पश्चिमी छोर हिमालय की तराई की ओर अमृतसर, पटियाला, बरेली की ओर खिसकने के बावजूद पूर्वी छोर वाराणसी, डाल्टनगंज एवं जमशेदपुर के रास्ते उत्तरी-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक जाने के साथ-साथ उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के आगामी 24 घण्टों के दौरान उत्तरी-पश्चिमी दिशा में उत्तरी उड़ीसा होते हुए आगे बढ़ने की संभावना है
पूर्वांचल में हो रही हल्की से मध्यम वर्षा का दौर आगामी कुछ दिनों तक जारी रहने के साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि प्रदेश के पश्चिमी भाग में पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ने से वर्षा की तीव्रता में कमी के साथ वर्षा की संभावना कम है.
उन्होंने बताया कि रविवार शाम लखनऊ में हुई तेज बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दिलाई. लेकिन कुछ ही देर की बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया. वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 25 अगस्त को भी पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कई स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. 26 से 29 अगस्त के दौरान भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
ये भी पढ़ें-
El Nino के असर के बीच छत्तीसगढ़ में मॉनसून मेहरबान, 99 प्रतिशत बारिश से किसानों को बड़ी राहत
बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए राहत, यूपी में फसल नुकसान पर किसानों को मिले 200 करोड़ रुपये
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today