El Nino के असर के बीच छत्तीसगढ़ में मॉनसून मेहरबान, 99 प्रतिशत बारिश से किसानों को बड़ी राहत

El Nino के असर के बीच छत्तीसगढ़ में मॉनसून मेहरबान, 99 प्रतिशत बारिश से किसानों को बड़ी राहत

अल नीनो के असर के बीच छत्तीसगढ़ में इस मॉनसून सीजन बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है. 1 जून से 23 अगस्त तक प्रदेश में औसतन 783 मिमी बारिश हुई, जो 10 साल के औसत का 99 प्रतिशत है.

Advertisement
El Nino के असर के बीच छत्तीसगढ़ में मॉनसून मेहरबान, 99 प्रतिशत बारिश से किसानों को बड़ी राहतछत्‍तीसगढ़ में अच्‍छी बारशि से किसानों को राहत (सांकेतिक तस्‍वीर)

देश-दुनिया में अल नीनो के असर से मॉनसून को लेकर चिंता के बीच छत्तीसगढ़ में इस सीजन बारिश का प्रदर्शन किसानों के लिए राहत देने वाला रहा है. राज्य में 1 जून से 23 अगस्त तक औसतन 783.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो इस अवधि की 10 साल की औसत बारिश 791.1 मिमी का करीब 99 प्रतिशत है. राज्य के राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, कई जिलों में बारिश सामान्य से ज्यादा हुई है, जबकि कुछ जिले अब भी कमी वाले क्षेत्रों में हैं.

99 प्रतिशत बारिश से खरीफ को सहारा

प्रदेश में अब तक हुई बारिश ने खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त नमी उपलब्ध कराई है. खासकर उन इलाकों में जहां बारिश सामान्य से ज्यादा रही है, वहां खेती-किसानी को मौसम का फायदा मिला है. 23 अगस्त को प्रदेश में औसतन 15.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. कुल औसत के करीब पहुंची बारिश ने राज्य के जल स्रोतों और खेती की जरूरतों को भी सहारा दिया है.

सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे आगे

जिलेवार आंकड़ों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे ज्यादा बारिश वाले जिलों में सबसे ऊपर है. यहां 1019.9 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से 168.3 प्रतिशत है. बलरामपुर में 1028.1 मिमी यानी 150.6 प्रतिशत और महासमुंद में 943.3 मिमी यानी 133.2 प्रतिशत बारिश हुई है. रायपुर में 819.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य का 127.7 प्रतिशत है.

कई जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

गरियाबंद में 918.1 मिमी, बलौदाबाजार में 848.6 मिमी, धमतरी में 783.5 मिमी, बिलासपुर में 827.9 मिमी, मुंगेली में 841.5 मिमी और जांजगीर-चांपा में 936.3 मिमी बारिश दर्ज हुई है. सक्ती में 788.6 मिमी, कोरबा में 852.4 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 805.5 मिमी, दुर्ग में 617.2 मिमी, राजनांदगांव में 672.1 मिमी और बालोद में 831.9 मिमी बारिश हुई है. इन जिलों में बारिश सामान्य औसत के आसपास या उससे ऊपर रही है.

कुछ जिलों में बारिश की कमी

इधर, दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में स्थिति इसके उलट है. कांकेर में 662.0 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य का 64.7 प्रतिशत है. सुकमा में 726.0 मिमी यानी 65.8 प्रतिशत और बीजापुर में 973.8 मिमी यानी 67 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है. मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 640.5 मिमी, बस्तर में 709.7 मिमी और कोण्डागांव में 686.4 मिमी बारिश हुई है.

उत्तर में भी मिला बारिश का साथ

वहीं, उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश सामान्य से अधिक रही है. मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 863.3 मिमी यानी 117.9 प्रतिशत और सूरजपुर में 885.2 मिमी यानी 108.3 प्रतिशत बारिश हुई है. नारायणपुर में 1089.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य का 111.5 प्रतिशत है. सरगुजा में 469.8 मिमी, जशपुर में 658.5 मिमी और बेमेतरा में 462.0 मिमी बारिश सामान्य से कम रही है.

पिछले 24 घंटे में बस्तर में सबसे ज्यादा बारिश

विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में बस्तर जिले में सबसे ज्यादा 59.7 मिमी बारिश दर्ज की गई. बालोद में 30.0 मिमी, गरियाबंद में 29.9 मिमी, दंतेवाड़ा में 29.6 मिमी, कोण्डागांव में 29.4 मिमी और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 29.3 मिमी बारिश हुई है. राजनांदगांव में 28.0 मिमी और बीजापुर में 26.8 मिमी बारिश दर्ज की गई.

POST A COMMENT