यूपी के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. (Photo: Getty)उत्तर प्रदेश में मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय है, जिसकी वजह से राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है. इसी क्रम में माैसम विभाग ने गुरुवार के लिए बुंदेलखंड के झांसी, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, काैशांबी, फतेहपुर, जालाैन आदि में भारी बारिश का यलो अलर्ट है. राजधानी लखनऊ में आज सुबह से आसमान में बादल छाए हैं. कहीं-कहीं हल्की-फुल्की बौछारें पड़ सकती हैं. जनपद में आज दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी.
लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के असर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 5-6 दिनों तक मॉनसून सक्रिय रहेगा. गुरुवार और शुक्रवार को पूर्वांचल के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेशभर में 25 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान ज्यादा बारिश का असर पूर्वी यूपी और दक्षिणी जिलों में देखने को मिलेगा. वहीं, गुरुवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर और आसपास के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. उधर, आगरा, इटावा, औरैया, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, बागपत, मेरठ, अमरोहा, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर और शामली में कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान हैं.
लखनऊ के आमौसी स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक, बुधवार को प्रतापगढ़ में सीजन की सर्वाधिक बारिश हुई है. जिले में शाम चार बजे तक 130 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई, जो प्रदेश में भी सबसे अधिक है. वहीं, प्रयागराज में 119.8 मिमी वर्षा हुई. बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत तो जरुर मिली है, लेकिन कई जगहों पर अत्यधिक बारिश होने की वजह से जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है.
वहीं, जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को दामिनी ऐप के बारे में बताया जा रहा है, जो बिजली गिरने की संभावित गतिविधि की चेतावनी देता है. इसके अलावा सचेत ऐप के माध्यम से मौसम और आपदा संबंधी चेतावनियां प्राप्त करने की जानकारी दी जा रही है. लोगों से इन सेवाओं का इस्तेमाल कर सतर्क रहने की अपील की गई है. उधर, एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस ने लोगों से आपदा के समय घबराने के बजाय सूझ-बूझ और सतर्कता से काम लेने की अपील की है. इसके साथ ही अफवाहों से बचने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
ये भी पढ़ें-
पूर्वी और मध्य भारत में जमकर बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें देशभर में कैसा रहेगा मौसम
Flood Alert for Animals: आने लगे बाढ़ के अलर्ट, पशुपालक अभी से कर लें ये तैयारी
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today