यूपी में अभी नहीं मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया लू का अलर्ट, जानें- 23 जून के मौसम का हाल

यूपी में अभी नहीं मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया लू का अलर्ट, जानें- 23 जून के मौसम का हाल

UP Weather Today: बढ़ती गर्मी को देखते हुए, मौसम विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. दिन के सबसे गर्म समय में, यानी दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच, अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. यदि बाहर निकलना आवश्यक हो, तो हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें.

Advertisement
यूपी में अभी नहीं मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया लू का अलर्ट, जानें- 23 जून के मौसम का हालउत्तर प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है.

उत्तर प्रदेश में तापमान में वृद्धि जारी है. इसी के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प्रयागराज, गाजीपुर, वाराणसी, लखीमपुर खीरी व बहराइच सहित 39 जिलों में लू का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में प्रभावी मौसमी गतिविधियों की अनुपस्थिति में आगामी 3-4 दिनों में विशेष परिवर्तन नहीं होगा. फिलहाल प्रदेश में मॉनसून आने की परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं. वहीं, तापमान में वृद्धि का सीधा असर आम जनजीवन पर भी पड़ रहा है. राजधानी लखनऊ के बाजारों में चहल-पहल कम देखी जा रही है और लोग अपने घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं. खासकर दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है.

उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 23 जून यानी मंगलवार को मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हमीरपुर, कुशीनगर, बस्ती, कानपुर, झांसी, अयोध्या, रामपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी. वहीं 23 जून को लखनऊ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

प्रयागराज देश का सबसे गर्म शहर 

उन्होंने बताया कि प्रदेश में छिटपुट गतिविधियों तक सीमित मौसमी सक्रियता के परिणामस्वरूप प्रयागराज देश का सबसे गर्म शहर रहा. इसी के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, खीरी लखीमपुर, बाराबंकी एवं बहराइच उष्ण लहर (लू) की चपेट में रहे. सिंह ने बताया कि प्रदेश में प्रभावी मौसमी गतिविधियों की अनुपस्थिति में आगामी 3-4 दिनों के दौरान तापमान में मामूली वृद्धि के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर ऊष्ण लहर (लू) की स्थितियां जारी रहने की संभावना है.

तेजी से आगे बढ़ रहा मॉनसून

लम्बे समयांतराल के उपरांत मानसूनी सक्रियता बढ़ने से आज दक्षिण पश्चिम मॉनसून  मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, तेलंगाना के कुछ और भाग; कर्नाटक के बाकी भाग, छत्तीसगढ़ के कुछ भाग तथा उड़ीसा, झारखण्ड और बिहार के कुछ और भाग में आगे बढ़ा तथा आगामी 48 घंटों के दौरान इसके मध्य अरब सागर के शेष भाग, महारष्ट्र के कुछ और भाग, तेलंगाना और उड़ीसा के शेष भाग तथा छत्तीसगढ़, झारखण्ड और बिहार के कुछ और भाग में आगे बढ़ने की सम्भावना है.

मौसम विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने की अपील

वहीं, बढ़ती गर्मी को देखते हुए, मौसम विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. दिन के सबसे गर्म समय में, यानी दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच, अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. यदि बाहर निकलना आवश्यक हो, तो हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, सिर को ढक कर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी, छाछ, या नींबू पानी का सेवन करें. बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है, क्योंकि वे गर्मी के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं.

ये भी पढ़ें-

Explained: मुंबई में इंतजार, बिहार में बौछार—क्या कहता है बदलता मॉनसून?

सूखे और कम बारिश का अचूक इलाज! 'सीड पेलेटाइजेशन’ से 40 दिनों तक पानी की कमी झेल सकेगी फसल

POST A COMMENT