Aaj Ka Mausam: मॉनसून की फिर जोरदार वापसी! कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

Aaj Ka Mausam: मॉनसून की फिर जोरदार वापसी! कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

मॉनसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है. राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पहाड़ी राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में भी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

Advertisement
Aaj Ka Mausam: मॉनसून की फिर जोरदार वापसी! कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारीमॉनसून की फिर जोरदार वापसी

मॉनसून एक बार फिर कई राज्यों में सक्रिय नजर आ रहा है. पिछले 24 घंटों में राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, ओडिशा और केरल में जमकर बारिश हुई है, जबकि आने वाले दिनों में भी देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं, केरल और कर्नाटक में अगले दो दिनों के दौरान तेज बारिश हो सकती है. ऐसे में आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा मौसम का हाल.

उत्तर भारत में कई दिन बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार 9 से 14 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का दौर बना रह सकता है. वहीं,  जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में भी 9 अगस्त और 10 से 13 अगस्त के दौरान कई जगह बारिश होने की संभावना है. पूर्वी राजस्थान में 9 से 13 अगस्त के दौरान काफी व्यापक बारिश हो सकती है. 10 और 11 अगस्त को यहां कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की आशंका भी है. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 9 अगस्त को बारिश की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 अगस्त को और पश्चिमी राजस्थान में 9-10 अगस्त को आंधी के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में 9 अगस्त को दिनभर आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार दोपहर से शाम के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर एक-दो दौर तेज बारिश के साथ गरज और बौछारें पड़ने की भी संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इसके अलावा दिल्ली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

MP और छत्तीसगढ़ में भी तेज बारिश

मध्य भारत में भी मॉनसून सक्रिय रहेगा. पूर्वी मध्य प्रदेश में 9 से 11 अगस्त और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 9 से 12 अगस्त के दौरान कई जगह बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 9 से 10 अगस्त और फिर 12 से 14 अगस्त के बीच बारिश का दौर रहने की संभावना है, यहां 9 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. विदर्भ में भी 9 से 14 अगस्त तक बारिश की संभावना जताई गई है.

पूर्वी भारत में भी बारिश जारी

पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में 9 से 14 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. बिहार में 9 से 12 अगस्त तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 13-14 अगस्त को बारिश का दायरा बढ़ सकता है. ओडिशा में 9 अगस्त, झारखंड में 9-10 अगस्त और बिहार में 9 और 13-14 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.

केरल-कर्नाटक में भी भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में अगले दो दिनों के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. इन इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम में इस बदलाव के पीछे कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं. दक्षिणी गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है और इसके प्रभाव से 9 अगस्त को कम दबाव का क्षेत्र भी बना है. इसके अलावा मॉनसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हैं. इन प्रणालियों के कारण अगले कई दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. खासकर पहाड़ी क्षेत्रों और भारी बारिश वाले इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने जैसी स्थिति बन सकती है.

किसानों और आम लोगों के लिए सलाह

लगातार बारिश वाले इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भूस्खलन और अचानक बढ़ने वाले जलस्तर को लेकर सतर्क रहना होगा. किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए खेतों में जरूरी इंतजाम करें और जलभराव वाले इलाकों में फसलों की सुरक्षा का ध्यान रखें. 

POST A COMMENT