जानें कैसा रहेगा आज का मौसमदेश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने दो पश्चिमी विक्षोभों के असर से उत्तर भारत में बारिश, बर्फबारी, घना कोहरा और तेज हवाओं की स्थिति बनने की चेतावनी दी है. खास तौर आज मौसम का असर ज्यादा व्यापक रह सकता है. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि हिमालयी राज्यों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि 6 फरवरी तक कई राज्यों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रह सकता है.
मौस विभाग ने अपने बुलेटिन में बताया कि बीते दिन उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई. वहीं, आज हरियाणा के करनाल और अंबाला, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी, लखनऊ, उत्तराखंड के पंतनगर और खटीमा जैसे इलाकों में यातायात और रेल सेवाओं पर असर पड़ सकता है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में 7 फरवरी तक कोहरे का असर बना रहने की संभावना है. साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने का भी अलर्ट है.
आईएमडी के मुताबिक, बीते दिन उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे चला गया. वहीं, राजस्थान के सीकर में मैदानी इलाकों का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया.
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. 6 फरवरी को ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण ठंड ज्यादा महसूस होगी. इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है.
मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली और एनसीआर में 6 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहेंगे. सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है. दिन में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. वहीं, अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. शाम और रात में हवाओं की रफ्तार कम होगी, जिससे ठंडक बढ़ सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. 9 से 11 फरवरी के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर से इन राज्यों में फिर बारिश-बर्फबारी हो सकती है.
इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में 6 फरवरी तक घना कोहरा बना रहेगा. हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा. पूर्वी भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है.
उत्तराखंड और आसपास के पहाड़ी इलाकों में पाले की आशंका को देखते हुए किसानों को हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है. किसान सब्जी और फलदार पौधों को पुआल या पॉलिथीन शीट से ढककर रखें.
तेज हवाओं को देखते हुए सब्जियों और बागवानी फसलों को सहारा दें, ताकि पौधों के गिरने का खतरा न रहे. वहीं, पशुपालकों को सलाह है कि रात के समय पशुओं को खुले में न रखें, सूखी बिछावन का इस्तेमाल करें और पोल्ट्री शेड में पर्याप्त गर्मी की व्यवस्था करें.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today