बदलेगा मौसम का मिजाजनवंबर के आखिरी दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. चक्रवात 'अकवान' कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल चुका है, लेकिन इसके असर से कुछ राज्यों में बारिश का दौर अभी भी जारी रह सकता है. वहीं, दक्षिण भारत में पूर्वी हवाओं के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. साथ ही दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सुबह के समय धुंध और कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 22 नवंबर को कई राज्यों में बारिश और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 से 23 नवंबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, केरल और माहे में 22 से 27 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है. पूर्वी हवाओं के प्रभाव से 23 से 27 नवंबर के दौरान तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा 24 से 26 नवंबर तक केरल में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 23 से 25 नवंबर के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम सक्रिय रह सकता है. 22 नवंबर को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. इन राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 22 से 24 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है.
दिल्ली-NCR में 22 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है. सुबह के समय ज्यादातर इलाकों में धुंध या हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. इसके अलावा 23 नवंबर को भी सुबह कई जगहों पर हल्का और कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा छा सकता है.
मौसम विभाग के दिए गए पूर्वानुमान में 22 नवंबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में किसी बड़े बारिश या बर्फबारी के अलर्ट नहीं है. मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ के रूप में एक ट्रफ जरूर मौजूद है, लेकिन इसके कारण पहाड़ी राज्यों में किसी खास मौसम गतिविधि की चेतावनी नहीं दी गई है. ऐसे में इन राज्यों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. हालांकि, पहाड़ी इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रह सकता है.
मौसम विभाग ने 22 से 23 नवंबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की संभावना जताई है. वहीं, 21 नवंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घना कोहरा छाने की चेतावनी थी. कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है. वाहन चालकों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today