
चक्रवात 'अकवान'देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में आज यानी 20 नवंबर को मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ रहने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बना गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' आज तटीय इलाकों से टकराने की प्रक्रिया में है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 'अकवान' अगले दो-तीन घंटे में पुरी और गोपालपुर के बीच तट से टकरा सकता है. इसके असर से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. दूसरी ओर, उत्तर भारत में रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह के समय घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक, गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' पिछले छह घंटों के दौरान करीब 21 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है. ताजा जानकारी के अनुसार, यह कलिंगपट्टनम से करीब 80 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 130 किलोमीटर दक्षिण में है. 20 नवंबर की दोपहर तक इसके तट से टकराने की संभावना है. लैंडफॉल के दौरान आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान के दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ इसकी रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
ओडिशा में 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है. इसके साथ ही 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों के साथ 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी 20 नवंबर को 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की संभावना है.
चक्रवात 'अकवान' का असर केवल आंध्र प्रदेश और ओडिशा तक सीमित नहीं रहेगा. मौसम विभाग ने 20 नवंबर को झारखंड, छत्तीसगढ़, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. पश्चिम बंगाल में 20 नवंबर को गंगा के मैदानी इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा बिहार में 21 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी बिहार में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर भारत में असम और मेघालय में 20 नवंबर को बारिश की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का अलर्ट है.

दिल्ली-NCR में 20 नवंबर को बारिश की संभावना के बजाय कोहरे और ठंड का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 20 से 22 नवंबर के दौरान घना कोहरा छाने की संभावना जताई है. सुबह और रात के समय दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने का अनुमान है. हालांकि, फिलहाल दिल्ली-NCR समेत देश के किसी भी हिस्से में शीतलहर चलने की संभावना नहीं जताई गई है. ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है, लेकिन दिन के तापमान में बहुत बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है.
मौसम विभाग के दो सप्ताह के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 से 25 नवंबर के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है. वहीं, देश के बाकी हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है. 26 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच तमिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश सामान्य रहने, जबकि देश के अन्य हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है. तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत में रात का पारा धीरे-धीरे नीचे आएगा. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. फिलहाल अगले दो सप्ताह के दौरान देश के किसी भी हिस्से में शीतलहर की संभावना नहीं है.
मौसम विभाग ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के प्रभावित हिस्सों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 20 नवंबर तक और पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 21 नवंबर की सुबह तक मछली पकड़ने पर रोक की सलाह दी गई है. पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर तक समुद्र में जाने से बचने को कहा गया है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today