चक्रवात 'अकवान' का असर होगा कम! ओडिशा, बिहार-झारखंड और बंगाल में बरसेंगे बादल

चक्रवात 'अकवान' का असर होगा कम! ओडिशा, बिहार-झारखंड और बंगाल में बरसेंगे बादल

चक्रवात अकवान के कमजोर पड़ने के बाद भी देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है. मौसम विभाग ने 21 नवंबर को ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.

Advertisement
चक्रवात 'अकवान' का असर होगा कम! ओडिशा, बिहार-झारखंड और बंगाल में बरसेंगे बादलचक्रवात 'अकवान' का असर कम

चक्रवात अकवान के लैंडफॉल के बाद अब इसका असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है. ओडिशा के तट से टकराने के बाद यह गहरे दबाव के क्षेत्र (Deep Depression) में बदल गया है. इसके कारण ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश हुई. हालांकि, अब चक्रवात के कमजोर होने से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 21 नवंबर को भी पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. कहीं-कहीं भारी बारिश और जलभराव का खतरा बना हुआ है. वहीं, दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज अलग रहने की संभावना है. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.

कहां-कहां हो सकती है बारिश

चक्रवात अकवान का असर कमजोर होने के बावजूद ओडिशा में बारिश जारी रह सकती है. 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है. इसके अलावा गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं. साथ ही पूर्वोत्तर भारत में असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और नगालैंड में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है.

बिहार-झारखंड में भी बरसेंगे बादल

झारखंड राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. जिससे लोगों को जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वहीं, बिहार के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में 21 नवंबर को बारिश का अलर्ट है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा गरज-चमक और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. साथ ही छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में 21 नवंबर को बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. सुबह के समय ज्यादातर जगहों पर हल्की धुंध और कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होगी.

पहाड़ों में कैसा रहेगा मौसम का हाल

पहाड़ी राज्यों में उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, ऋषिकेश और पिथौरागढ़ में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, मंडी, सोलन, बिलासपुर में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है. फिलहाल हिमाचल में बारिश का अलर्ट नहीं है.

मछुआरों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने बारिश प्रभावित राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदियों और नालों में पानी बढ़ने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है. लोगों को जलभराव वाली सड़कों पर जाने से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है. वहीं, मछुआरों को 21 नवंबर की सुबह तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. समुद्र में तेज हवाओं और खराब स्थिति को देखते हुए छोटी नावों का संचालन भी जोखिम भरा हो सकता है. 

POST A COMMENT