11-12 जून को बदलेगा मौसम, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से उत्तर भारत में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

11-12 जून को बदलेगा मौसम, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से उत्तर भारत में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

उत्तर भारत में 11-12 जून के दौरान मौसम बदलने वाला है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और धूलभरी हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. वहीं मॉनसून की आगे बढ़ने की रफ्तार भी बढ़ने के संकेत हैं.

Advertisement
11-12 जून को बदलेगा मौसम, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से उत्तर भारत में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनीवेस्‍टर्न डिस्‍टर्बेंस से दिल्‍ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम! (फाइल फोटो)

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से 11 और 12 जून को कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और धूलभरी हवाओं की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक इस सिस्टम का असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है. कई इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में अचानक बदलाव आ सकता है.

दिल्ली-NCR को गर्मी से राहत मिलने के संकेत

दिल्ली-एनसीआर में 10 जून तक गर्मी और लू जैसे हालात बने हुए हैं. हालांकि, 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू होने के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके कारण तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं.

80 KM की रफ्तार से चल सकती है हवा

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि 11 और 12 जून के दौरान हरियाणा, दिल्ली, पंजाब तथा पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी तेज आंधी की संभावना जताई गई है.

इन राज्यों में ओलावृष्टि का भी अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 और 12 जून को ओलावृष्टि हो सकती है. वहीं, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी 11 जून को ओले गिरने की संभावना व्यक्त की गई है.

राजस्थान और उत्तर प्रदेश में धूलभरी आंधी का अलर्ट

राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में धूलभरी आंधी चलने का अनुमान है. पश्चिमी राजस्थान में 11 से 13 जून तक तथा पूर्वी राजस्थान में 11 और 12 जून को धूलभरी हवाएं असर दिखा सकती हैं. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 11 जून को तेज धूलभरी आंधी की स्थिति बन सकती है.

मॉनसून की रफ्तार भी बढ़ने के संकेत

एक ओर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भी आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में मॉनसून पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के कुछ अन्य हिस्सों में आगे बढ़ सकता है.

POST A COMMENT