कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश... दिल्ली में भी बरसेंगे बादल, पढ़ें IMD का ताजा मौसम अपडेट

कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश... दिल्ली में भी बरसेंगे बादल, पढ़ें IMD का ताजा मौसम अपडेट

देशभर में मॉनसून सक्रिय है और IMD ने 24 जुलाई के लिए गुजरात, दक्षिण-पूर्व राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने, हल्की बारिश और 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

Advertisement
कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश... दिल्ली में भी बरसेंगे बादल, पढ़ें IMD का ताजा मौसम अपडेटआज का मौसम (AI Image)

देश में अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना बनी हुई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसे लेकर चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने कहा है कि 24 जुलाई को गुजरात, दक्षिण-पूर्व राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है. इसके अलावा पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, असम-मेघालय, कोंकण-गोवा और हिमालयी राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.  

IMD के अनुसार, मॉनसून ट्रफ सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है और राजस्थान, मध्य प्रदेश और असम के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी. कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. 

दिल्ली-NCR में बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के मुताबिक, 24 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश के साथ 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि शाम और रात में एक और दौर हल्की से मध्यम बारिश का हो सकता है. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 

24 जुलाई को देशभर में मौसम का हाल

आज राजस्थान में पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की संभावना. पश्चिमी राजस्थान में भी कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. 

विभाग के अनुसार, गुजरात क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण-गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है. इसके अलावा उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका है.

पूर्वी, पूर्वोत्‍तर और दक्षिण में ऐसा रहेगा मौसम

पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना है. पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक बारिश जारी रहेगी. 

असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है. इसके अलावा  दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. 

किसानों के लिए सलाह

IMD ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है वहां खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करें. जलभराव वाले खेतों में सिंचाई, उर्वरक और कीटनाशक का छिड़काव फिलहाल टाल दें. 

तेज हवा की आशंका वाले इलाकों में सब्जियों और बागवानी फसलों को सहारा दें और कटाई की गई उपज को सुरक्षित जगह या तिरपाल से ढककर रखें. पशुओं को बारिश के दौरान शेड में रखें और चारे को सूखी जगह पर सुरक्षित रखें.

POST A COMMENT