मूसलाधार बारिश से गुजरात बेहाल, पाटन के कई इलाकों में जलभराव, किसानों की बढ़ी चिंता

मूसलाधार बारिश से गुजरात बेहाल, पाटन के कई इलाकों में जलभराव, किसानों की बढ़ी चिंता

गुजरात के पाटन जिले में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं. सांतलपुर में 15 इंच और राधनपुर में 13 इंच बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है. घरों में पानी घुसने से नुकसान हुआ है, जबकि खेतों में पानी भरने से खरीफ फसलों पर संकट मंडरा रहा है. किसानों को बारिश से राहत और चिंता दोनों मिली है.

Advertisement
मूसलाधार बारिश से गुजरात बेहाल, पाटन के कई इलाकों में जलभराव, किसानों की बढ़ी चिंतापाटन में जलभराव से परेशानी,

गुजरात के पाटन जिले में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाया है. जिले के राधनपुर और सांतलपुर तालुका में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. सांतलपुर में करीब 15 इंच और राधनपुर में 13 इंच बारिश दर्ज की गई है. तेज बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

राधनपुर शहर के मसाली रोड, रविधाम समेत कई सोसायटियों में बारिश का पानी भर गया. कई घरों में पानी घुसने से लोगों के घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पाया, जिससे हालात और खराब हो गए. लोगों ने अधूरे ड्रेनेज कार्य और सड़क निर्माण को लेकर भी नाराजगी जताई है.

बारिश से किसानों को राहत की उम्मीद

भारी बारिश के कारण जहां शहरों और रिहायशी इलाकों में परेशानी बढ़ी है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है. सांतलपुर तालुका के वाराही क्षेत्र के गांजीशर, लोदरा, गढ़ा झंडाला, जेकड़ा, बोरूड़ा, चारंडा और ध्रांडवा जैसे गांवों में बारिश के बाद तालाबों, चेकडेम और अन्य जल स्रोतों में पानी की आवक बढ़ गई है.

किसानों का मानना है कि बारिश से जमीन में नमी बढ़ेगी, जिससे खरीफ फसलों को फायदा मिलेगा. लंबे समय से पानी का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर अच्छी बारिश के बाद खुशी दिखाई दे रही है.

खेतों में पानी भरने से फसलों पर खतरा

हालांकि, लगातार हो रही तेज बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है. जिले के कई निचले इलाकों में स्थित खेतों में पानी भर गया है. इससे हाल ही में बोई गई खरीफ फसलों के खराब होने की आशंका जताई जा रही है. ज्यादा समय तक खेतों में पानी जमा रहने से फसल सड़ने या बह जाने का खतरा बना हुआ है.

किसान अब मौसम साफ होने और पानी कम होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि नुकसान का आकलन किया जा सके.

हाईवे और सड़कों पर जलभराव से बढ़ी परेशानी

भारी बारिश का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा है. सांतलपुर हाईवे और कई निचले इलाकों में पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. कई जगहों पर लोगों को सावधानी से आवागमन करना पड़ रहा है. प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है. स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था को जल्द सुधारने और बारिश से हुए नुकसान का सर्वे कर राहत उपलब्ध कराने की मांग की है. (सुनील पटेल का इनपुट)

ये भी पढ़ें: 

किसान की मौत पर मुआवजे की मांग, 27 जुलाई को 500 ट्रैक्टरों की रैली का ऐलान
लो प्रेशर एरिया के चलते कई राज्यों में होगी भारी बारिश, पढ़ें IMD का ताजा मौसम अपडेट

POST A COMMENT