Weather Alert: इन राज्‍यों में 45 डिग्री के ऊपर चढ़ेगा पारा! यहां होगी भारी बारिश, IMD ने जारी‍ किया अलर्ट

Weather Alert: इन राज्‍यों में 45 डिग्री के ऊपर चढ़ेगा पारा! यहां होगी भारी बारिश, IMD ने जारी‍ किया अलर्ट

21 मई को देशभर में मौसम दो रंग दिखाएगा. उत्तर और मध्य भारत में हीटवेव लोगों को परेशान करेगी, जबकि असम, मेघालय, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने किसानों और पशुपालकों को भी मौसम विभाग ने विशेष सलाह दी है.

Advertisement
Weather Alert: इन राज्‍यों में 45 डिग्री के ऊपर चढ़ेगा पारा! यहां होगी भारी बारिश, IMD ने जारी‍ किया अलर्टआज का मौसम

देशभर में मौसम का मिजाज इस समय दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है. एक तरफ उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं तो दूसरी ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश और आंधी का दौर जारी है. मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में अगले कई दिनों तक लू और भीषण लू की चेतावनी जारी की है. वहीं, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 

21 मई को देशभर में ऐसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, 21 मई को उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप और तेज हो सकता है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. बांदा में मंगलवार को 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में पूरे सप्ताह लू का असर बना रह सकता है. 

पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गर्म हवाओं के साथ उमस बढ़ेगी. हालांकि, इन राज्यों में कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. बिहार और झारखंड में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 

इसके अलावा, दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. तमिलनाडु और केरल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत में 21 मई से बारिश की गतिविधियां और तेज होने के संकेत हैं. असम, मेघालय और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 

दिल्ली में 21 मई को मौसम और आगे का पूर्वानुमान

दिल्ली-एनसीआर में 21 मई को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन गर्मी लोगों को बेहाल करेगी. मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दिन के समय 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं चलेंगी और झोंकों की गति 35 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

22 और 23 मई को भी दिल्ली में राहत के आसार कम हैं. लू की स्थिति बनी रहेगी और अधिकतम तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, हल्के कपड़े पहनने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है. 

आगे ऐसा रहने वाला है मौसम का रुख

IMD ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 22 और 23 मई को कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, मैदानी इलाकों में गर्मी बनी रहेगी. राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 26 मई तक लू का असर जारी रहने की संभावना है. 

मध्य भारत के मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. कई जिलों में रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर रहेगा, जिससे लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी का सामना करना पड़ेगा. 

पूर्वोत्तर भारत में 22 से 26 मई के बीच बारिश की गतिविधियां काफी तेज हो सकती हैं. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका जताई गई है. 

दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने तटीय इलाकों में तेज हवाओं और समुद्र में ऊंची लहरों को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है. 

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. अगले तीन से चार दिनों में मॉनसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है. 

खेती-किसानी और पशुपालन के लिए सलाह

भीषण गर्मी को देखते हुए किसानों को फसलों में हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है. उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश और हरियाणा में मूंग, उड़द, मक्का, गन्ना और सब्जियों की फसलों में नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग करने को कहा गया है. वहीं, आम, केला और पपीता जैसी बागवानी फसलों को तेज गर्मी से बचाने के लिए शेड नेट और नियमित सिंचाई जरूरी बताई गई है. 

जहां तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है, वहां किसानों को कटी हुई उपज सुरक्षित स्थान पर रखने और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था मजबूत करने की सलाह दी गई है. दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में केला और सब्जियों की फसलों को सहारा देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि तेज हवाओं से नुकसान कम हो सके. 

इसके अलावा, पशुपालकों को गर्मी के दौरान पशुओं को छायादार स्थान पर रखने, साफ पानी उपलब्ध कराने और पोल्ट्री शेड की छत पर घास या अन्य ढकाव करने की सलाह दी गई है. तटीय राज्यों के मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है.

POST A COMMENT