देश में मॉनसून का हुआ आगमन, जानें आपके शहर में कब होगी बारिशदक्षिण-पश्चिम मॉनसून जिसके 1 जून को आने की उम्मीद थी, लगभग 7 दिनों के बाद केरल पहुंच चुका है. मॉनसून के आगमन को लेकर पिछले कुछ दिनों से कई बातें चल रही थी. मई के मध्य में, आईएमडी ने कहा था कि मॉनसून 4 जून तक केरल में आ सकता है. लेकिन देखते-देखते 8 जून को मॉनसून की केरल में एंट्री हुई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने घोषणा की कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने गुरुवार को केरल में दस्तक दी, जो सामान्य से एक सप्ताह की देरी पर है. मौसम वैज्ञानिकों ने पहले कहा था कि चक्रवात 'बिपोर्जॉय' मॉनसून की तीव्रता को प्रभावित कर रहा है और केरल में इसकी शुरुआत "हल्की" होगी. मॉनसून की खबर सुनते ही लोगों को राहत मिली है कि आखिरकार उन्हें इस गर्मी से निजात मिल ही जाएगी. वहीं खरीफ फसलों की बुवाई को लेकर चिंतित किसानों के चेहरे पर भी खुशी की लहर दौड़ गई. ऐसे में आइए जानते हैं आपके शहर में कब होगी बारिश.
लंबे इंतजार के बाद दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल पहुंच चुका है. IMD के मुताबिक 8 जून को मानसून केरल में दस्तक दे चुका है. जानकारी के मुताबिक 10 जून तक यह अरब सागर, दक्षिण प्रायद्वीप भारत, बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में पहुंच जाएगा. पिछले 24 घंटों से दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर बादल बढ़ गए थे साथ ही हवाओं की गति भी बढ़ गई थी. अब मॉनसून जल्द ही केरल के बाकी हिस्सों, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, कर्नाटक के कुछ हिस्सों में जल्द पहुंचेगा. स्काईमेट के मुताबिक उम्मीद की जा रही है कि मॉनसून की शुरुआत तेज होगी. इसका असर महाराष्ट्र की बारिश पर भी पड़ सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक केरल में मॉनसून अपने निर्धारित समय से लगभग 8 दिन देर से पहुंचा है. ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि देश कि राजधानी दिल्ली में मॉनसून इस महीने के अंत तक पहुंचेगा. मौसम विभाग का कहना है कि इस बार सामान्य बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ें: Weather Today: दिल्ली समेत इन इलाकों में आज बारिश की आशंका, हरियाणा राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल है. गर्मी अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ने को बेताब है. लोग गर्मी से बचने के लिए एसी और कूलर का सहारा ले रहे हैं. ऐसे में गर्मी से बचने के लिए लोग अब बेसबरी से मॉनसून का इंतजार करते नजर आ रहे हैं. जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मॉनसून 17-18 जून तक दस्तक दे सकता है. यानि इसके बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी.
अभी तक मौसम विभाग को ओर से इसको को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है. लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि इस महीने के अंत तक सभी राज्यों में मानसून की एंट्री हो सकती है. इसे के साथ महीने के अंत तक हरियाणा पंजाब में भी मॉनसून दस्तक दे सकता है. ऐसे में किसान इसे देखते हुए सभी जरूरी काम कर सकते हैं.
मुंबई में मॉनसून का असर जल्द देखने को मिल सकता है. जल्द ही बारिश शुरू हो सकती है. केरल में मानसून के आगमन को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक मुंबई में बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई में 10 जून से प्री-मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी. 15 जून के आसपास मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा. इससे भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलेगी.
केरल के नौ जिलों में 'येलो अलर्ट' और एक में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि केरल में मानसून की शुरुआत में देरी चिंता का विषय नहीं है क्योंकि यह पहली बार नहीं हुआ है. कहा जा रहा है कि बारिश और तेज होगी और मानसून के आने में देरी की भरपाई अगले 2-3 हफ्ते में हो जाएगी. तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी भी जारी की गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today