IMD ने जारी किया मौसम का दोहरा अलर्ट: इन राज्‍यों में लू तो यहां होगी भारी बारिश, पढ़ें फुल वेदर अपडेट

IMD ने जारी किया मौसम का दोहरा अलर्ट: इन राज्‍यों में लू तो यहां होगी भारी बारिश, पढ़ें फुल वेदर अपडेट

देशभर में मौसम का डबल असर देखने को मिलेगा, जहां उत्तर और मध्य भारत में लू का कहर जारी रहेगा, वहीं पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान का दौर चलेगा. दिल्ली-NCR में भी गर्मी के बीच हल्की राहत के संकेत हैं, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है.

Advertisement
IMD ने जारी किया मौसम का दोहरा अलर्ट: इन राज्‍यों में लू तो यहां होगी भारी बारिश, पढ़ें फुल वेदर अपडेटकैसा रहेगा आज का मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए एक साथ हीटवेव और आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 3 दिनों तक लू चलने की संभावना है, जबकि इसके बाद तापमान में गिरावट शुरू होगी. वहीं, पूर्वोत्तर और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में पूरे हफ्ते तेज बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का भी अलर्ट है. इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तारीखों पर आंधी-तूफान की गतिविधियां तेज रहेंगी.

26 अप्रैल को देशभर का मौसम अपडेट

मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा है कि 26 अप्रैल को देश में मौसम दो अलग-अलग रूप में नजर आएगा. एक तरफ उत्तर भारत और मध्य भारत के कई इलाकों में तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा और लू का असर जारी रहेगा. वहीं, दूसरी ओर पूर्वोत्तर राज्यों और पूर्वी भारत में बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां तेज रहेंगी. कुछ जगहों पर 50-70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.

दिल्ली-NCR में चलेगी हवाएं

IMD के मुताबिक, दिल्ली-NCR में 26 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में लू का असर बना रहेगा. अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. दिन के समय 20-30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. आगे के दिनों में भी गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन 27 और 28 अप्रैल को हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है.

उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत का पूर्वानुमान

मौसम विभग के अनुसार, 28 अप्रैल से 1 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ेंगी. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी इसी दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में 2-4 डिग्री तक गिरावट देखने को मिलेगी.

पूर्वोत्तर भारत में 27 अप्रैल से 1 मई के बीच बारिश का दौर तेज रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है. पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी 1 मई तक आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.

मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत का पूर्वानुमान

मध्य भारत में 27 से 29 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं. वहीं, दक्षिण भारत में 28 से 30 अप्रैल के बीच तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

हीटवेव को देखते हुए किसानों को फसलों में हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है ताकि नमी बनी रहे. मल्चिंग और शेड नेट का इस्तेमाल करने से फसलों को गर्मी से बचाया जा सकता है. वहीं, जिन इलाकों में तेज हवा और ओलावृष्टि की संभावना है, वहां फलों और सब्जियों की फसलों को जाल या कवर से सुरक्षित रखें. भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव से बचाव के लिए खेतों में उचित जल निकासी की व्यवस्था करें. पशुपालकों को जानवरों को छाया में रखने और पर्याप्त पानी देने की सलाह दी गई है.

POST A COMMENT