पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने गंजाम का किया दौरा (फोटो/X@Naveen_Odisha)ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने चक्रवात अर्नब और उसके बाद आई बाढ़ से प्रभावित किसानों की स्थिति पर चिंता जताई है. शनिवार को गंजाम जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे पटनायक ने राज्य सरकार से किसानों और प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की. लोगों की परेशानियां सुनकर पूर्व मुख्यमंत्री भावुक भी हो गए. उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में हालात अच्छे नहीं हैं और किसानों को तुरंत सरकारी मदद की जरूरत है.
नवीन पटनायक ने शेरगढ़ और हिंजिली का दौरा किया. हिंजिली उनका गृह विधानसभा क्षेत्र भी है. यहां स्थानीय लोगों ने उन्हें अपनी परेशानियां बताईं और चक्रवात, बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी दी. कई किसान अपने साथ सड़े हुए धान के पौधे लेकर पहुंचे थे. उन्होंने पटनायक को दिखाया कि प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी फसलें बर्बाद हो गई हैं. इसके अलावा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है.
स्थानीय लोगों से बातचीत के बाद पटनायक ने कहा कि शेरगढ़ और हिंजिली में स्थिति ठीक नहीं है. किसान बेहद परेशान हैं और उन्हें तत्काल सहायता की जरूरत है. उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन से कहा गया है.
शेरगढ़ पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग नवीन पटनायक का स्वागत करने के लिए जुटे. भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को बैरिकेड्स लगाने पड़े. इसके बाद पटनायक ने हिंजिलीकट ब्लॉक की नुआबुरुपाड़ा ग्राम पंचायत का दौरा किया. उन्होंने सोराडा ब्लॉक के अस्का और बालिगोच्छा इलाकों में भी प्रभावित लोगों से मुलाकात की.
दौरे के दौरान बीजेडी अध्यक्ष ने राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे राहत और बहाली कार्यों की समीक्षा भी की. नवीन पटनायक वर्ष 2000 से लगातार छह बार हिंजिली विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. चक्रवात और बाढ़ के बाद किसानों की फसल बर्बादी का मुद्दा उनके इस दौरे के केंद्र में रहा. (पीटीआई)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today