आज का मौसम (फाइल फाेटो)देश में एक तरफ पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका बनी हुई है तो वहीं दूसरी तरफ पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में गर्मी और लू जैसी स्थिति रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 27 और 28 जून को अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, झारखंड, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश और तेज हवाओं का असर रह सकता है.
इसी बीच दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने 24 जून को गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों और छत्तीसगढ़-झारखंड के कुछ और इलाकों में आगे बढ़त दर्ज की है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों तक आगे बढ़ सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के दौर जारी रह सकते हैं. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है. राजस्थान के कई हिस्सों में धूलभरी हवाओं और गरज के साथ मौसम बदल सकता है.
पूर्वी भारत की बात करें तो झारखंड, बिहार और ओडिशा में छिटपुट बारिश के साथ कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवा चलने की आशंका बनी हुई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर अभी बना रहेगा और तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है.
मध्य भारत में मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं. कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पश्चिम भारत में गुजरात, कोंकण और महाराष्ट्र के हिस्सों में अच्छी बारिश का दौर जारी रह सकता है.
दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में व्यापक बारिश का अनुमान है. तमिलनाडु में भी कई स्थानों पर गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है. पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार बारिश का सिलसिला बना रहने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर में 25 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. दोपहर और शाम के समय गरज वाले बादल बनने की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
26 जून को हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 27 जून को भी ऐसा ही मौसम बना रह सकता है. हालांकि राजधानी में मॉनसून की पूरी एंट्री के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत की ओर मॉनसून की प्रगति तेज हो सकती है.
पूर्वोत्तर राज्यों में धान की नर्सरी, सब्जियों और केले की फसलों में जलनिकासी की व्यवस्था मजबूत रखें. लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों में पानी जमा नहीं होने दें. तैयार फलों और सब्जियों की समय पर तुड़ाई करें.
झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसान गर्मी वाले क्षेत्रों में हल्की सिंचाई करें. नमी बचाने के लिए मल्चिंग अपनाएं और फलदार पौधों पर अस्थायी छायाजाल (नेट) का उपयोग करें.
केरल, कर्नाटक, कोंकण और महाराष्ट्र के किसानों को सलाह है कि धान और सब्जियों की नर्सरी से अतिरिक्त पानी निकालें. केले और बागवानी फसलों को सहारा दें ताकि तेज हवा से नुकसान कम हो.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बिजली और तेज हवा की चेतावनी को देखते हुए खेतों में खुले में काम करने से बचें. कटी हुई फसल को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखें.
पशुपालकों को सलाह दी गई है कि पशुओं को खुले में न छोड़ें. चारा और दाना सुरक्षित स्थान पर रखें. गर्म इलाकों में पशुओं को साफ और ठंडा पानी उपलब्ध कराएं. पोल्ट्री शेड की छत पर घास या तापरोधी व्यवस्था करें. मत्स्य पालक तालाबों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था रखें, ताकि मछलियों का नुकसान न हो.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today