दिल्ली-NCR में बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान का अलर्ट, पढ़ें अगले 2 दिन के अपडेट्स

दिल्ली-NCR में बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान का अलर्ट, पढ़ें अगले 2 दिन के अपडेट्स

आईएमडी के अनुसार 5 जून को दिल्ली-एनसीआर में बादल, हल्की बारिश, गरज-चमक और 60 किमी/घंटा तक तेज हवाओं का अलर्ट है. लोगों को सतर्क रहने और घर में रहने की सलाह दी गई है.

Advertisement
दिल्ली-NCR में बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान का अलर्ट, पढ़ें अगले 2 दिन के अपडेट्सदिल्ली में शुक्रवार-शनिवार को बारिश की संभावना (फोटो-ITG)

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए 5 जून को लेकर मौसम का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार राजधानी में दिनभर मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा और कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

आईएमडी के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश, गरज और बिजली के साथ तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि झोंकों में इसकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. शाम से रात के दौरान भी ऐसे ही मौसम में बदलाव होने के संकेत हैं.

तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य के आसपास रहेगा.

आईएमडी ने बताया कि सुबह के समय हवा दक्षिण-पश्चिम दिशा से लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी. दोपहर में इसकी दिशा बदलकर उत्तर-पश्चिम हो जाएगी और गति लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. शाम और रात में हवा उत्तर-पूर्व दिशा से करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी.

शनिवार को भी असर बरकरार

शनिवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का एक और दौर देखने को मिल सकता है. इस दिन भी हवा की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है. तापमान लगभग 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा.

रविवार को मौसम साफ होने के आसार

7 जून को मौसम में सुधार होने की संभावना है. इस दिन आसमान ज्यादातर साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

संभावित प्रभाव और सावधानी

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और गरज-चमक के कारण पेड़ों की डालियां टूट सकती हैं, बड़े पेड़ उखड़ सकते हैं, बिजली और संचार लाइनों को नुकसान पहुंच सकता है. साथ ही कमजोर ढांचों को आंशिक क्षति और हल्की वस्तुओं के उड़ने की आशंका भी जताई गई है. लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखें, बिना वजह घर से बाहर न निकलें, खिड़की-दरवाजों को मजबूती से बंद रखें और खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें.

POST A COMMENT