मॉनसून अपडेट (फाइल फोटो)देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के इंतजार के बीच मौसम से जुड़ा बड़ा संकेत सामने आया है. मौसम परिस्थितियां अब तेजी से अनुकूल बन रही हैं और अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 4 जून के आसपास केरल पहुंच सकता है. इसके साथ ही भारत में इस साल के मॉनसून सीजन की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी. मौसमीय संकेत बताते हैं कि अगले दो दिनों में मॉनसून की प्रगति और तेज हो सकती है. दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप क्षेत्र, केरल और तमिलनाडु के कई इलाकों तक मानसून आगे बढ़ने की स्थिति में है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व हिस्सों में भी मॉनसूनी गतिविधियां मजबूत होने के संकेत हैं.
केरल में मॉनसून पहुंचने को देश में बारिश के मौसम की आधिकारिक शुरुआत माना जाता है. आमतौर पर इसके बाद मॉनसून धीरे-धीरे दक्षिण भारत से आगे बढ़ते हुए मध्य, पूर्व और फिर उत्तर भारत की ओर बढ़ता है. इस बार भी शुरुआती चरण में समुद्री क्षेत्रों और तटीय राज्यों में गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.
दक्षिण पश्चिम मॉनसून भारत में कृषि क्षेत्र के लिए बेहद अहम है, क्योंकि इसके साथ खरीफ सीजन की तैयारियां गति पकड़ती हैं. शुरुआती बारिश के बाद कई राज्यों में बुवाई की गतिविधियां बढ़ने लगती हैं. हालांकि, आगे मानसून की चाल और उसकी प्रगति पर मौसम की स्थिति लगातार असर डाल सकती है.
मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए 4 जून को केरल में मॉनसून पहुंचने की संभावना बनी हुई है. इसके बाद देश के अन्य हिस्सों में मॉनसून कब और कितनी तेजी से आगे बढ़ेगा, इस पर अगले मौसम अपडेट में ज्यादा स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकती है. बीते दिन भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने पूर्वानुमान में बताया था कि अगले 2 से 3 दिन केरल में मॉनसून की दस्तक होने की संभावना है. (इनपुट- आशुतोष मिश्रा)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today