पूरे उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, आम जन से लेकर ट्रेन-फ्लाइट सब डिस्टर्ब

पूरे उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, आम जन से लेकर ट्रेन-फ्लाइट सब डिस्टर्ब

ठंड का प्रकोप अपने चरम पर है. साथ में कोहरे ने कमी पूरी कर दी है. लोग घरों से नहीं निकल रहे जब तक कि कोई जरूरी काम न हो. ट्रेन और फ्लाइट का बुरा हाल है. ट्रेनें कई-कई घंटे लेट चल रही हैं. दिल्ली में तो बुधवार को नैनीताल और धर्मशाला से भी अधिक ठंड रही.

Advertisement
पूरे उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, आम जन से लेकर ट्रेन-फ्लाइट सब डिस्टर्बपूरे उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर है (फोटो-ANI)

पूरे उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर देखा जा रहा है. आम जनजीवन तो प्रभावित है हीं, ट्रेन और फ्लाइट तक में दिक्कतें आ रही हैं. ठंड की मार से लोग घरों में दुबके हुए हैं तो ट्रेनें कई-कई घंटे लेट चल रही हैं. दूसरी ओर फ्लाइट का रूट भी डायवर्ट किया जा रहा है ताकि कोई खतरा पैदा न हो. दिल्ली में तो बुधवार को रिकॉर्ड ही टूट गया क्योंकि इस सीजन का सबसे कम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 

दिल्ली की हालत ये रही कि बुधवार को यहां का तापमान धर्मशाला, नैनीताल और देहरादून से कम दर्ज की गई. सुबह कोहरा इतना घना था कि विजिबिलिटी गिर कर 200 मीटर पर आ गई. इससे गाड़ी चलाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. रेलवे के मुताबिक, कम से कम 19 ट्रेनें अपने से समय से देर से चलती रहीं. देश के कुछ हिस्सों में कोहरे के चलते फ्लाइट उड़ने में परेशानी हो रही है. कहीं-कहीं इसके डायवर्जन की भी खबर है.

मौसम विभाग ने यूपी के लिए बुधवार को रेड अलर्ट जारी किया जबकि हरियाणा के लिए बुधवार और गुरुवार को रेड अलर्ट जारी है. मौसम विभाग खतरे को देखते हुए चार अलर्ट जारी करता है जिसमें ग्रीन (किसी एक्शन की जरूरत नहीं), येलो (निगरानी रखें और अपडेट लेते रहें), ऑरेंज (तैयारी पूरी रखें) और रेड (एक्शन लिया जाए) शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: Pathankot: खराब बीज मिलने से फसलें चौपट, मामले की जांच में जुटा कृषि विभाग

भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी कि IMD ने उत्तरपश्चिम भारत के लिए अगले 4-5 दिन तक घना कोहरा और कड़ाके की ठंड का अनुमान जताया है. मैदानी इलाकों में शीतलहर की स्थिति तब होती है जब न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक चला जाता है. मैदानी इलाकों में यदि न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है या जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे होता है और सामान्य से 4.5 डिग्री कम होता है, तो मौसम विभाग शीतलहर की घोषणा करता है.

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने 'PTI' से कहा, दिल्ली में शीतलहर चल रही है और अधिकतम तापमान भी कम है, जिससे ठंडे दिन की स्थिति बनी हुई है. अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 13 डिग्री और 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किए जाने की संभावना है. हालांकि, दिल्ली में कोहरे की स्थिति में सुधार हुआ है.

जेनामणि ने कहा, शीतलहर और ठंडे दिन की स्थिति अगले 24 से 48 घंटों तक जारी रहने का अनुमान है. हालांकि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में कुछ सुधार होगा, जिसके 7 जनवरी के बाद से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है. 

ये भी पढ़ें: फिर उठी किसानों को पेंशन देने की मांग, रामेश्वर डूडी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, देखें वीडियो

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित पूरे उत्तर भारत में इसी तरह की स्थिति बनी हुई है. इन राज्यों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने की संभावना है.

झारखंड में स्कूल बंद

उधर झारखंड में ठंड से स्कूल बंद कर दिए गए हैं. एक सरकारी अधिसूचना के अनुसार, झारखंड में सभी प्राथमिक स्कूल 8 जनवरी तक बंद रहेंगे. राज्य में शीतलहर का कहर लगातार देखा जा रहा है. आठ जनवरी तक रांची में न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और आसमान में बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग ने कहा कि नौ जनवरी से पारा बढ़ेगा.

अधिसूचना में कहा गया है, जनवरी के पहले सप्ताह में अधिक शीतलहर की स्थिति को देखते हुए राज्य के स्कूली विभाग ने फैसला किया है कि कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ाई बंद रहेगी.

छत्तीसगढ़ में फ्लाइट डायवर्ट

छत्तीसगढ़ में ठंड और कोहरे का असर देखा जा रहा है. राजधानी रायपुर में अधिकारियों ने कहा कि खराब मौसम के कारण बुधवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर हवाई अड्डे पर निर्धारित लैंडिंग से पहले इंडिगो और एयर इंडिया की दो उड़ानों को डायवर्ट किया गया. 

खराब विजिबिलिटी के कारण एआईसी 651 (मुंबई से रायपुर) और आईजीओ 6687 (अहमदाबाद से रायपुर), जिन्हें स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतरना था, उन्हें क्रमशः नागपुर और भुवनेश्वर की ओर मोड़ दिया गया. अधिकारी ने कहा कि उड़ान एआईसी 651 को सुबह 11:53 बजे जबकि आईजीओ 6687 को दोपहर 12:37 बजे उतरना था.

राजस्थान का बुरा हाल

बुधवार को राजस्थान के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड के बीच फतेहपुर में तापमान शून्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. मौसम केंद्र के अनुसार, फतेहपुर के बाद चूरू का स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.

अंता में 1.4 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 1.8 डिग्री, सीकर में 2.0 डिग्री, करौली में 2.2 डिग्री, पिलानी में 2.7 डिग्री, बूंदी में 3.4 डिग्री, धौलपुर में 3.6 डिग्री और बीकानेर में 4.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. जयपुर में पिछले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 17.7 और 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

POST A COMMENT