आज का मौसमदेश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 3-4 अप्रैल के दौरान पहला और 7 अप्रैल के आसपास दूसरा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा. इस दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में आंधी, बिजली, 50-70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और ओलावृष्टि की आशंका है. कश्मीर घाटी में 4 अप्रैल को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. वहीं, मध्य भारत, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी ओले गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी है.
IMD ने अपने बुलेटिन में कहा है कि 4 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा, जहां कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बारिश और आंधी की गतिविधियां जारी रहेंगी.
वहीं, पूर्वी भारत में झारखंड और ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा रहेगा. पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का असर बना रहेगा. इसके अलावा दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी 7 अप्रैल तक रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 3 से 5 अप्रैल के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. 3 अप्रैल को शाम और रात में हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 4 अप्रैल को दिन में बादल छाए रहेंगे और दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. तापमान में गिरावट दर्ज होगी और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री के बीच रह सकता है. 5 अप्रैल को भी हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी. 6 अप्रैल को मौसम थोड़ा सामान्य होगा लेकिन बादल छाए रहेंगे.
उत्तर-पश्चिम भारत में 4 अप्रैल के दौरान व्यापक बारिश, बर्फबारी और आंधी-तूफान का असर रहेगा. 7 से 9 अप्रैल के बीच एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होकर फिर से बारिश और बर्फबारी करवाएगा. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा रहेगा. मध्य भारत में 3 से 7 अप्रैल तक मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है.
पूर्वी भारत में झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में 5 से 8 अप्रैल के बीच आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. पूर्वोत्तर राज्यों में 5 से 9 अप्रैल के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं, दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 3 से 7 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश, बिजली और तेज हवाओं का असर बना रहेगा. देशभर में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे या सामान्य के आसपास रहने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
ओलावृष्टि और तेज हवाओं के खतरे को देखते हुए किसान पकी हुई फसलों की जल्द कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें. खेतों में खड़ी फसलों को सहारा दें और पानी निकासी की व्यवस्था मजबूत रखें. बागवानी फसलों को बचाने के लिए जाल या कवर का इस्तेमाल करें. पशुपालक पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित शेड में रखें. चारा और दाना सूखे स्थान पर सुरक्षित रखें. तेज आंधी और बिजली के दौरान खुले में रहने से बचें और सुरक्षित स्थान पर ही रहें.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today