Typhoon Bavi ने चीन में मचाई तबाही, तेज हवाओं और बारिश के बीच रेड अलर्ट जारी

Typhoon Bavi ने चीन में मचाई तबाही, तेज हवाओं और बारिश के बीच रेड अलर्ट जारी

टाइफून बावी ने चीन के पूर्वी तट पर दस्तक दे दी है. तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया है. झेजियांग समेत कई इलाकों में 20 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. कई उड़ानें रद्द हुई हैं और बाढ़ से बचाव के लिए आपातकाल लागू किया गया है.

Advertisement
Typhoon Bavi ने चीन में मचाई तबाही, तेज हवाओं और बारिश के बीच रेड अलर्ट जारीचीन में तूफानी संकट!

चीन में टाइफून बावी ने दस्तक दे दी है. इस तूफान के कारण देश के पूर्वी हिस्सों में तेज हवाएं और भारी बारिश हो रही है. हालात को देखते हुए चीन के मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं. अधिकारियों के अनुसार, पूर्वी चीन में करीब 20 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

झेजियांग प्रांत में तूफान ने मारी एंट्री

चीन के मौसम विभाग के अनुसार, टाइफून बावी ने शनिवार रात करीब 11:20 बजे पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के युहुआन शहर के पास दस्तक दी. यह इस साल का नौवां बड़ा तूफान बताया जा रहा है. तूफान के केंद्र में हवा की रफ्तार करीब 40 मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच गई.

तूफान के आने से झेजियांग समेत आसपास के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई. प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जरूरी काम न होने पर घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है.

कई शहरों में इमरजेंसी लागू

टाइफून बावी को देखते हुए चीन के कई शहरों में आपातकालीन व्यवस्था बढ़ा दी गई है. राजधानी बीजिंग समेत कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. चीन के राष्ट्रीय मौसम केंद्र ने भारी बारिश के लिए सबसे ऊंचा रेड अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा तूफान के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है.

बीजिंग के कई इलाकों में बाढ़ से बचाव के लिए लेवल-1 इमरजेंसी रिस्पॉन्स शुरू किया गया है. इनमें फांगशान, पिंगगू, मियुन, हुआइरू, मेंतोगोउ, फेंगताई, दाशिंग, टोंगझोउ और शुनी जैसे इलाके शामिल हैं. इन क्षेत्रों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है.

कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कई क्षेत्रों में बहुत तेज बारिश होने का अनुमान लगाया है. झेजियांग, उत्तरी फुजियान, पूर्वोत्तर जियांग्शी और दक्षिणी आन्हुई के अलावा बीजिंग और हेबेई के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है.

बारिश और तूफान के कारण कई जगहों पर लोगों की सामान्य जिंदगी प्रभावित हुई है. कई उड़ानें और फेरी सेवाएं रद्द कर दी गई हैं.

स्कूल और पर्यटन स्थल किए गए बंद

तूफान के खतरे को देखते हुए झेजियांग प्रांत में कई जगहों पर स्कूल और काम करने वाली जगहों को बंद किया गया है. लोगों को सुरक्षित रखने के लिए अस्थायी राहत शिविर बनाए गए हैं.

शंघाई में भी 50 से ज्यादा बड़े पर्यटन स्थलों को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है या उनके समय में बदलाव किया गया है. प्रशासन ने लोगों से मौसम की जानकारी लेते रहने की अपील की है.

उड़ानों पर भी पड़ा असर

टाइफून बावी के कारण हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं. चीन की चाइना सदर्न एयरलाइंस और स्प्रिंग एयरलाइंस ने शंघाई से आने-जाने वाली करीब 60 उड़ानें रद्द कर दी हैं. इसके अलावा कई समुद्री परिवहन सेवाएं भी रोक दी गई हैं.

आगे भी जारी रह सकता है तूफान का असर

मौसम विभाग के अनुसार, जमीन से टकराने के बाद टाइफून बावी उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है और बाद में इसका रास्ता उत्तर दिशा की तरफ बदल सकता है. प्रशासन लगातार तूफान की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठा रहा है.

ये भी पढ़ें: 

Monsoon Break: कई राज्यों में थमेगी बारिश, बढ़ेगी उमस; किसानों की बढ़ी चिंता
'किसान तक' की खबर का असर, सोयाबीन बीज घोटाले में बड़ी कार्रवाई, बीजों की बिक्री पर लगी रोक

POST A COMMENT