जानिए देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम (फाइल फोटो)देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की दस्तक को लेकर राहत भरी खबर है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 16 मई के आसपास दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के कुछ हिस्सों में मॉनसून आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना मजबूत निम्न दबाव क्षेत्र मौसम गतिविधियों को और तेज कर रहा है. मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में भीषण से अति भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है, जबकि पूर्वोत्तर भारत, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
IMD के अनुसार, 14 मई को देश के कई हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे. पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. इसके अलावा बिहार और झारखंड में तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.
मौसम विभाग के मुताबिक, आज दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. उत्तर-पश्चिम भारत में पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. दूसरी तरफ राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ और गुजरात के कई इलाकों में भीषण गर्मी और लू का असर बरकरार रहेगा.
IMD ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में 14 मई को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिन के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं, 15 मई को तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 16 मई को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और गर्मी का असर बढ़ेगा.
15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा. इसके असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 और 16 मई को बारिश, बर्फबारी और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 मई के बीच लू का असर बढ़ सकता है. इसके अलावा, पश्चिम राजस्थान में 15 मई तक अति भीषण लू चलने का अलर्ट है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 19 मई तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.
मौसम विभाग ने कहा है कि असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 19 मई तक कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. बिहार में 16 मई को तेज आंधी और 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं. झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 19 मई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
इसके अलावा केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में 17 मई तक कई स्थानों पर बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 14 और 15 मई को 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी चल सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 मई को ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि तेज आंधी और बारिश वाले इलाकों में कटाई के बाद फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और तिरपाल से ढंककर रखें. राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में गर्मी को देखते हुए सब्जियों, मूंग, उड़द, मक्का और बागवानी फसलों में हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है.
भारी बारिश वाले राज्यों में खेतों से पानी निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है. पशुपालकों को गर्मी और आंधी के दौरान पशुओं को शेड में रखने, पर्याप्त स्वच्छ पानी देने और चारे को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today