
मध्य प्रदेश सरकार ने कृषक कल्याण वर्ष-2026 के तहत किसानों को बड़ी आर्थिक राहत देते हुए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की नई किस्त जारी कर दी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव से प्रदेश के 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में ₹3308 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से भेज की.इस दौरान प्रत्येक पात्र किसान के खाते में ₹4000 की सम्मान निधि पहुंची.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया, आधुनिक कृषि उपकरणों की जानकारी ली और जैविक, हाईटेक खेती तथा खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया. मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव केवल सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि किसानों को वैज्ञानिक खेती, आधुनिक तकनीक और बेहतर आय से जोड़ने का एक व्यापक अभियान है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य खेती को लाभकारी बनाना और किसानों की आमदनी में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है.
उन्होंने किसानों से मिट्टी परीक्षण कराने, वैज्ञानिक सलाह के आधार पर खेती करने, रासायनिक उर्वरकों का सीमित उपयोग करने तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती की ओर तेजी से बढ़ने का आह्वान किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान एक ही फसल पर निर्भर रहने के बजाय फसल विविधीकरण अपनाएं. इससे उत्पादन का जोखिम कम होगा और आय के नए स्रोत विकसित होंगे. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के किसान आधुनिक तकनीकों को तेजी से अपना रहे हैं और अब ड्रोन के जरिए खाद, बीज और कृषि रसायनों का छिड़काव भी कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मनाया जा रहा है. प्रदेशभर में आयोजित हो रहे बलराम कृषि महोत्सवों के माध्यम से किसानों को नई तकनीक, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्रों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी दिशा में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना किसानों की आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बन रही है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो चुका है, जबकि वर्ष 2002-03 से पहले यह केवल 44 लाख हेक्टेयर था. पिछले ढाई वर्षों में 10 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र सिंचाई के दायरे में आया है.उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ष वर्षाकाल के बाद किसानों को दिन और रात दोनों समय सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जाएगी.
इसके साथ ही राज्य सरकार ने दुग्ध उत्पादन को वर्तमान 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य तय किया है, जिससे किसानों की अतिरिक्त आय सुनिश्चित की जा सके.
मुख्यमंत्री ने खंडवा जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि—
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ चुकी है.उन्होंने बताया कि अगले महीने से मध्य प्रदेश में सरकारी रोडवेज बस सेवा शुरू होगी.
बलराम कृषि महोत्सव में किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पारंपरिक हल भेंट कर सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत हैं.सरकार उनकी आय बढ़ाने, खेती को आधुनिक बनाने और गांवों को समृद्ध बनाने के लिए लगातार काम कर रही है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today