पीएम किसान सम्मान निधि योजनाप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात दौरे पर रहेंगे. प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में 30 अक्टूबर को बनासकांठा के भीलडी में राष्ट्रीय स्तर का "पीएम किसान उत्सव दिवस" मनाया जाएगा. प्रधानमंत्री भीलडी से "प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना" की 24वीं किस्त जारी करेंगे. देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिलेगी.
गुजरात के 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को 1,051 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिलेगी. प्रदेश में 34 जिला स्तरीय और 2,100 से अधिक क्लस्टर स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी भीलडी में 'भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर' (BBRC), बनास डेयरी के नए पोटैटो एक्सपेंशन और UHT-ASRS का लोकार्पण करेंगे. बनास डेयरी के थराद और राधनपुर में 2 नए कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का भूमिपूजन भी होगा.
भारतीय जनता पार्टी प्रवक्ता मंत्री जीतू वाघाणी ने बताया 30 अक्टूबर को बनासकांठा के भीलडी में राष्ट्रीय स्तर के "पीएम किसान उत्सव दिवस" का भव्य आयोजन किया गया है. इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी "प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना" की 24वीं किस्त की राशि देश भर के किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे. इस 24वीं किस्त के तहत देश भर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिलेगी, जिसमें से अकेले गुजरात के 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को 1,051 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता मिलेगी.
इससे पहले 1 से 23 किस्तों के माध्यम से देश के 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को कुल 4,47,000 करोड़ रुपये से अधिक और गुजरात के 69.26 लाख से अधिक लाभार्थी किसानों को 24,137 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है.
भीलडी में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के हाथों कृषि और पशुपालन क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास संपन्न होगा. इसमें 328.77 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 'भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर' (BBRC) का लोकार्पण, बनास डेयरी के थराद और राधनपुर में 2 नए कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का भूमिपूजन और बनास डेयरी के नए पोटैटो एक्सपेंशन और UHT-ASRS का ई-लोकार्पण शामिल है.
इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का पूरे देश और गुजरात के कोने-कोने में सीधा प्रसारण किया जाएगा. गुजरात राज्य में 34 जिला स्तरीय और 2,100 से अधिक क्लस्टर स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न मंत्री, सांसद, विधायक, पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और उच्च अधिकारी उपस्थित रहेंगे. इन कार्यक्रमों के दौरान मौके पर ही कृषि और बागवानी विभाग की अलग-अलग योजनाओं के स्वीकृति पत्र लाभार्थी किसानों को वितरित किए जाएंगे.
पीएम मोदी 30 अक्टूबर की शाम को प्रधानमंत्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी-एकता नगर में 'भारत पर्व' पवेलियन का दौरा करेंगे और उसके बाद कल्चरल ग्राउंड में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा द्वारा पेश किए जाने वाले भव्य नाटक 'आनंदमठ' को देखेंगे.
राष्ट्रीय एकता दिवस यानी 31 अक्टूबर को अखंड भारत के शिल्पी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर सुबह प्रधानमंत्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल की प्रतिमा को भावपूर्ण पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. इसके बाद, वे एकता नगर में विभिन्न जन-कल्याणकारी विकास परियोजनाओं का भूमि-पूजन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.
इसके अलावा, प्रधानमंत्री सुबह 'आरंभ 2026' कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और दोपहर में टेंट सिटी में देश के ट्रेनी अधिकारियों के साथ प्रेरणादायक संवाद करेंगे. साथ ही, शाम को परेड ग्राउंड में आयोजित 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और परेड का निरीक्षण कर सलामी लेंगे.(बृजेश दोषी का इनपुट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today