मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फसल खरीद और किसानों को भुगतान के मुद्दे पर पंजाब की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से किसानों और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के लिए भेजी गई धनराशि का इस्तेमाल पंजाब सरकार दूसरे कामों में कर रही है. सीएम सैनी ने दावा किया कि हरियाणा में किसानों को फसल बेचने के 48 से 72 घंटे के भीतर भुगतान कर दिया जाता है, जबकि पंजाब में किसानों को इसके लिए दो से तीन महीने तक इंतजार करना पड़ता है.
मुख्यमंत्री नायब सैनी शुक्रवार को हरियाणा सरकार की अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता की राशि डिजिटल माध्यम से ट्रांसफर करने के बाद बोल रहे थे. इस दौरान उन्होंने हरियाणा और पंजाब में किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की तुलना भी की.
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में किसानों की फसल की खरीद के बाद 48 से 72 घंटे के भीतर उनके खातों में पैसा पहुंच जाता है. अगर भुगतान में इससे ज्यादा देरी होती है, तो किसानों को ब्याज के साथ राशि दी जाती है. उन्होंने इसे राज्य की डबल इंजन सरकार की गारंटी बताया. सीएम सैनी ने दावा किया कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां किसानों की सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदा जाता है. उन्होंने पंजाब सरकार से सवाल किया कि राज्य में किसानों को फसल बेचने के बाद भुगतान मिलने में कितना समय लगता है.
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पंजाब को किसानों के मुआवजे के लिए करीब 1,600 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन इस राशि का इस्तेमाल किसानों तक पहुंचाने के बजाय कहीं और किया गया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राकृतिक आपदा के समय हिमाचल प्रदेश को भी 1,500 करोड़ रुपये की सहायता दी थी. सीएम सैनी के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश ने इस राशि को किसानों तक पहुंचाने में कोई शिकायत नहीं की.
उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब के कुछ किसानों ने उन्हें बताया कि मुआवजे के चेक केवल फोटो खिंचवाने के लिए दिए गए और बाद में वापस ले लिए गए. हालांकि, ये सभी आरोप मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लगाए हैं. सैनी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के दौरान हरियाणा सरकार ने पंजाब को पशुओं के इलाज के लिए दवाइयां और पशु चिकित्सक भेजने की पेशकश भी की थी, लेकिन पंजाब सरकार ने इसकी अनुमति नहीं दी.
CM नायब सैनी ने पंजाब की भगवंत मान सरकार से पूछा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किसानों की पूरी फसल MSP पर खरीदने का वादा किया गया था, उसका क्या हुआ? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पंजाब और हरियाणा दोनों राज्यों में फसल खरीद के लिए फंड देते हैं, लेकिन पंजाब में किसानों तक यह पैसा पहुंचने में देरी होती है.
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने अपने चुनावी घोषणापत्र के 76 प्रमुख वादे पूरे कर दिए हैं. उन्होंने पंजाब की मान सरकार से भी अपने चुनावी वादों का हिसाब देने को कहा. इस दौरान मुख्यमंत्री ने 'दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना' की 13वीं किस्त जारी करने की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस किस्त के तहत 222.52 करोड़ रुपये सीधे महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे गए हैं. CM सैनी के मुताबिक, योजना की अब तक जारी 13 किस्तों के जरिए महिलाओं के खातों में कुल 2,689.15 करोड़ रुपये पहुंच चुके हैं. उन्होंने बताया कि योजना का दूसरा चरण 17 अक्टूबर को शुरू किया गया था. (ANI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today