सिंचाई के पानी को लेकर KCR का सरकार को अल्टीमेटम, लाखों लोगों के साथ आंदोलन की तैयारी!

सिंचाई के पानी को लेकर KCR का सरकार को अल्टीमेटम, लाखों लोगों के साथ आंदोलन की तैयारी!

तेलंगाना में सिंचाई के पानी को लेकर सियासत तेज हो गई है. BRS अध्यक्ष KCR ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों के लिए जल्द ही लाखों लोगों के साथ बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा.

Advertisement
सिंचाई के पानी को लेकर KCR का सरकार को अल्टीमेटम, लाखों लोगों के साथ आंदोलन की तैयारी!के. चंद्रशेखर राव

तेलंगाना में सिंचाई के पानी को लेकर एक बार फिर राजनीति गरमाती नजर आ रही है. BRS अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) ने किसानों को सिंचाई का पानी नहीं मिलने को लेकर कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाए हैं. KCR का कहना है कि राज्य के कई जलाशयों और सिंचाई परियोजनाओं में पानी उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है. KCR ने खास तौर पर पालमुरु-रंगा रेड्डी लिफ्ट इरिगेशन स्कीम को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल किया कि जब इस परियोजना का काम काफी हद तक पूरा हो चुका है, तो किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए इसका इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा है. KCR के मुताबिक, पिछली BRS सरकार के दौरान इस परियोजना का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था.

'सिंचाई की पानी के लिए होगा आंदोलन'

उन्होंने नागार्जुन सागर और श्रीशैलम जलाशयों का भी मुद्दा उठाया. KCR ने कहा कि इन जलाशयों में पानी होने के बावजूद तेलंगाना के किसानों के लिए पानी क्यों नहीं छोड़ा जा रहा है. उन्होंने सरकार से मांग की कि नलगोंडा, पालमुरु और दूसरे इलाकों के किसानों को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि अगर किसानों की सिंचाई की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो जल्द ही लाखों लोगों के साथ बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा.

कालेश्वरम परियोजना को लेकर भी सवाल

KCR ने कालेश्वरम परियोजना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि नेशनल डैम सेफ्टी अथॉरिटी (NDSA) के बयान के बाद परियोजना के इस्तेमाल को लेकर स्थिति साफ हो गई है. KCR का दावा है कि मेदिगड्डा के पास जरूरी मरम्मत करने के बाद कालेश्वरम परियोजना को दोबारा इस्तेमाल में लाया जा सकता है और इससे करीब 13 जिलों के किसानों को फायदा मिल सकता है.

किसानों के लिए सरकार को आंदोलन की चेतावनी

KCR ने कहा कि अगर सरकार सिंचाई से जुड़े इन मुद्दों को इसी तरह नजरअंदाज करती रही, तो वह किसानों और आम लोगों के साथ मिलकर आंदोलन शुरू करेंगे. उन्होंने जल्द ही लाखों किसानों, पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों को शामिल करते हुए एक बड़े कार्यक्रम की घोषणा करने की बात कही है. किसानों के लिए सिंचाई का पानी बेहद अहम है, क्योंकि पर्याप्त पानी मिलने से फसलों की सिंचाई समय पर हो सकती है और उत्पादन को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है. ऐसे में तेलंगाना में जलाशयों और सिंचाई परियोजनाओं के पानी के इस्तेमाल को लेकर आने वाले दिनों में सरकार और विपक्ष के बीच सियासी टकराव बढ़ सकता है. KCR ने BRS के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों से भी विधानसभा और परिषद के मॉनसून सत्र में सिंचाई, किसानों के पानी और पीने के पानी से जुड़े मुद्दों को जोर-शोर से उठाने को कहा है. (अब्दुल बशीर की रिपोर्ट)

POST A COMMENT