किसान का अनोखा विरोधमध्य प्रदेश के धार जिले में एक किसान का अनोखा विरोध देखने को मिला, जहां किसान और उसके परिजनों ने बैंक में जाकर ढोल पर जमकर डांस किया, इस नजारे को देख हर कोई हैरान रह गया. दरअसल, धार जिले के ग्राम चंदवाडा के किसान विजय पाटीदार ने आईडीएफसी बैंक से 13 लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से लोन लिया था और वह एक महीने पहले ही बैंक का पूरा पैसा भर चुके है, लेकिन बैंक द्वारा उन्हे एनओसी नहीं दी जा रही है.
वे पिछले एक डेढ़ महीने से बैंक के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन बैंक द्वारा उन्हें तारीख पर तारीख दी जा रही है, इसी से नाराज होकर किसान अपने परिजनों के साथ ढोल वाले को लेकर बैंक पहुंचे और बैंक में ही ढोल की थाप पर परिजनों के साथ जमकर डांस करने लगे. बैंककर्मी और बैंक में मौजूद लोग यह सब देख हैरान रह गये.इसके बाद बैंक मैनेजर ने उन्हें जल्द एनओसी देने का आश्वासन दिया और तब कही जाकर किसान विजय पाटीदार माने और बैंक से रवाना हुए.
किसान विजय पाटीदार का कहना है कि वे एनओसी के लिये पिछले एक डेढ़ महीने से चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही थी. बैंक को जगाने के लिये वे ढोल लेकर आये हैं. वहीं, उनका कहना है कि यदि जल्द उन्हें एनओसी नहीं दी गई तो वे बैंक के सामने ही धरना प्रदर्शन करेंगे. वहीं, इस मामले में बैंक की ओर से कोई भी जिम्मेदार सामने नहीं आया है.
किसान ने बताया कि उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड से लोन लिया था, जिसका लोन उन्होंने डेढ़ महीने पहले जमा कर दिया है. लेकिन फिर भी बैंक वाले उन्हें एनओसी नहीं दे रहे हैं और परेशान कर रहे हैं. बैंक वाले लगातार कह रहे हैं कि आज देंगे एनओसी, कल देंगे एनओसी, बस तारीख पर तारीख बढ़ती जा रही है. जिससे किसान विजय पाटीदार काफी परेशान हैं. उन्होंने बताया कि इसलिए वो सब लोगो को लेकर बैंक पहुंचे और ये अनोखा प्रदर्शन किया. ताकी बैंक वालों को कान खोल सकें और आगे की सुनवाई करें. उन्होंने ये भी कहा कि अगर एनओसी नहीं आती है तो वो धरना देंगे. (छोटू शास्त्री की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today