केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को पंजाब दौरे पर पहुंचे. चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने पराली को लेकर चल रही राजनीति के बीच किसानों का पक्ष लिया. उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण के लिए किसानों को दोषी ठहराना उचित नहीं है.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में ऐतिहासिक कमी आई है. उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों ने नई तकनीक अपनाकर पूरे देश को नई राह दिखाई है. उनके अनुसार पराली प्रबंधन और डायरेक्ट सीडिंग किसानों के लिए बेहद कारगर तकनीकें हैं.
मंत्री ने कहा कि पंजाब की धरती पर आने से उनके मन में खुशी, उत्साह और श्रद्धा का भाव जागता है. उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का जिक्र करते हुए 'किरत करो, नाम जपो और वंड छको' के संदेश को समाज और जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया.
चौहान ने कहा कि उनका यह दौरा किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास को समर्पित है. इस दौरान बदरपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जहां आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रदर्शन होगा. कार्यक्रम में पारंपरिक खेती के विकल्प के तौर पर नई तकनीकों की जानकारी भी दी जाएगी. साथ ही सौर ऊर्जा और कृषि में उसके उपयोग के बारे में भी बताया जाएगा.
उन्होंने बताया कि वे पंजाब के कृषि मंत्री सौम्य सिंह खुडियां के साथ मिलकर किसानों के लिए कई करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता से जुड़े कार्यक्रम में भी शामिल होंगे.
केंद्रीय मंत्री ने खेत बचाओ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत किसानों के साथ फसल विविधता, पराली प्रबंधन और आधुनिक कृषि जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि आधुनिक खेती और फसल विविधीकरण अपनाकर किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है.
चौहान ने बताया कि उनका अगला कार्यक्रम लुधियाना जिले में स्थित कृषि विश्वविद्यालय केंद्र में होगा, जहां कृषि विकास और किसानों के हितों से जुड़े विषयों पर मंच से विचार-विमर्श किया जाएगा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today