सोनीपत में CM फ्लाइंग स्‍क्‍वाड की छापेमारी, पोल्ट्री फार्म से करोड़ों की शराब बरामद!

सोनीपत में CM फ्लाइंग स्‍क्‍वाड की छापेमारी, पोल्ट्री फार्म से करोड़ों की शराब बरामद!

हरियाणा के सोनीपत में CM फ्लाइंग स्क्वाड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुगर मिल के सामने स्थित मलिक पोल्ट्री फार्म पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान 393 पेटियां अवैध इम्पोर्टेड शराब बरामद की गईं, जिनमें कुल 3576 बोतलें शामिल हैं. बरामद शराब बिना होलोग्राम और बिना परमिट की बताई गई है.

Advertisement
सोनीपत में CM फ्लाइंग स्‍क्‍वाड की छापेमारी, पोल्ट्री फार्म से करोड़ों की शराब बरामद!पोल्‍ट्री फार्म से बरामद हुई शराब

हरियाणा के सोनीपत में सीएम फ्लाइंग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के भंडारण का खुलासा किया है. शुगर मिल के सामने स्थित मलिक पोल्ट्री फार्म पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई. मामले की सूचना मिलने के बाद आबकारी विभाग और सिविल लाइन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान गोदाम के एक कमरे से कुल 393 पेटियां शराब बरामद हुईं. 

बिना होलोग्राम और परमिट की थी शराब

अधिकारियों ने बताया है कि बरामद शराब बिना होलोग्राम और बिना परमिट के पाई गई. शुरुआती स्तर पर इसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है. बरामद खेप में आठ अलग-अलग ब्रांड की शराब शामिल है. इनमें जेम्सन व्हिस्की की 80 पेटियां, ग्रे गूज वोडका की 50, गोल्ड लेबल की 40, कैमिनो रियल टकीला की 18, जोस कुर्वो टकीला की 15, ब्लैक लेबल की 30, बुशमिल्स व्हिस्की की 100 और डेवार्स व्हाइट लेबल की 60 पेटियां शामिल हैं. इस तरह कुल 3576 बोतलें मौके से जब्त की गई हैं.

सीएम फ्लाइंग की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई के बाद संबंधित विभागों ने मौके पर पहुंचकर शराब को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था. फिलहाल सीएम फ्लाइंग की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. जांच एजेंसियां पूरे मामले से जुड़े तथ्यों और संभावित नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई हैं.

POST A COMMENT