'केंद्रीय मंत्री शिवराज और विधायक को मारने की साजिश...', रेलवे ट्रैक पर मिला किसान का शव, वीडियो में पूर्व MLA पर लगाए आराेप

'केंद्रीय मंत्री शिवराज और विधायक को मारने की साजिश...', रेलवे ट्रैक पर मिला किसान का शव, वीडियो में पूर्व MLA पर लगाए आराेप

विदिशा में किसान की ट्रेन से कटकर हुई मौत का मामला अब संदिग्ध बन गया है, क्योंकि मौत से पहले बनाए गए वीडियो में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विधायक मुकेश टंडन को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement
'केंद्रीय मंत्री शिवराज और विधायक को मारने की साजिश...', रेलवे ट्रैक पर मिला किसान का शव, वीडियो में पूर्व MLA पर लगाए आराेपमृतक किसान की तस्‍वीर (बाएं)

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक किसान की ट्रेन से कटकर मौत का मामला सामने आया है, जिसने अब सियासी रंग ले लिया है. शुरुआती तौर पर यह मामला आत्महत्या का माना जा रहा था, लेकिन मरने से पहले किसान के बनाए गए एक वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बना दिया है. दरअसल, सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सोराई रेलवे ट्रैक पर किसान गोविंद सिंह गुर्जर का शव कटा हुआ मिला. पुलिस ने इसे आत्‍महत्‍या का मामला बताया, लेकिन किसान का वीडियो वायरल होने के बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई. 

किसान ने मरने के कुछ समय पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो के मुताबिक, किसान ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक शशांक भार्गव ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विदिशा विधायक मुकेश टंडन को जान से मारना चाहते हैं और इस काम के लिए वो मुझ पर दबाव बना रहे हैं. 

परिवार ने भी लगाए दबाव बनाने के आरोप

मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के बेटे दीपक गुर्जर ने भी पूर्व विधायक पर गंभीर आरोप लगाए. परिवार ने कहा कि पर गोविंद पर इस काम के लिए दबाव बनाया जा रहा था. बताया जा रहा है कि मृतक किसान और पूर्व विधायक एक ही गांव के हैं. किसान गोवि‍ंद सिंह, पूर्व विधायक शशांक भार्गव की जमीन किराए से लेकर खेती करता था.

पूर्व विधायक ने आरोपों को बताया साजिश

वहीं, पूर्व विधायक शशांक भार्गव ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्‍होंने कहा कि यह उनके खिलाफ एक राजनीतिक षड्यंत्र है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए. उन्होंने जांच में सहयोग करने की बात भी कही है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

वहीं, पुलिस भी पूरे मामले की जांच कर रही है और हर पहलू को खंगालने की बात कही है. थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज में कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं कि क्या यह केवल आत्महत्या है या इसके पीछे कोई दबाव या साजिश है. वीडियो में लगाए गए आरोपों की सच्चाई क्या है, इसका जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएगा. (विवेक सिंह ठाकुर की रिपोर्ट)

POST A COMMENT