बागपत में खाद्य विभाग का बड़ा एक्‍शन, 580 किलो नकली पनीर, 240 KG क्रीम किया नष्‍ट

बागपत में खाद्य विभाग का बड़ा एक्‍शन, 580 किलो नकली पनीर, 240 KG क्रीम किया नष्‍ट

बागपत में नकली पनीर माफिया पर प्रशासन का बड़ा प्रहार हुआ है. खाद्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में करीब 580 किलो से ज्यादा नकली पनीर और नकली क्रीम बरामद की गई. गाजियाबाद से बागपत लाई जा रही इस खेप को बाजार तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया.

Advertisement
बागपत में खाद्य विभाग का बड़ा एक्‍शन, 580 किलो नकली पनीर, 240 KG क्रीम किया नष्‍टनकली पनीर

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में नकली पनीर माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली पनीर और क्रीम बरामद की है. अधिकारियों ने बाजार में पहुंचने से पहले ही इस खेप को पकड़ लिया और बाद में लाखों रुपये के इस नकली माल को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट कर दिया. दरअसल, खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में नकली डेयरी उत्पाद बागपत जिले में सप्लाई किए जाने की तैयारी चल रही है. सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ौत क्षेत्र में जांच अभियान चलाया. इस दौरान गाजियाबाद से बागपत लाई जा रही पनीर और क्रीम की खेप को पकड़ा गया.

580 किलो से ज्यादा नकली पनीर बरामद

जांच के दौरान टीम को करीब 580 किलो से ज्यादा नकली पनीर और 240 किलो क्रीम बरामद हुई. अधिकारियों के मुताबिक, इस माल को जिले की अलग-अलग दुकानों, ढाबों और होटलों में सप्लाई किया जाना था. अगर यह नकली डेयरी उत्पाद बाजार तक पहुंच जाते तो लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकते थे.

जांच के लिए भेजे गए पनीर और क्रीम के नमूने

खाद्य विभाग ने बरामद पनीर और क्रीम के नमूने जांच के लिए भेजे हैं. शुरुआती जांच में उत्पादों की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने के बाद प्रशासन ने इन्हें नष्ट करने का फैसला लिया. अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर करीब 580 किलो नकली पनीर और 240 किलो क्रीम को जमीन में दबाकर नष्ट कर दिया गया.

बरामद माल को किया गया नष्ट

सहायक खाद्य आयुक्त बागपत डी.पी. सिंह ने बताया कि खाद्य विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत बड़ी मात्रा में नकली पनीर और क्रीम पकड़ी गई है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. उन्होंने कहा कि बरामद माल को नियमानुसार नष्ट कराया गया है और मिलावटखोरों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. प्रशासन का कहना है कि त्योहारों और बढ़ती मांग के बीच नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है. अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय क्वालिटी और विश्वसनीयता का ध्यान रखें.

बागपत में हुई इस कार्रवाई के बाद नकली डेयरी उत्पादों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.

असली पनीर की पहचान कैसे करें?

असली पनीर नरम, हल्का दानेदार और दूध जैसी खुशबू वाला होता है. इसे दबाने पर यह रबड़ की तरह नहीं खींचता, बल्कि आसानी से टूट जाता है. पनीर को उबालकर हाथ से मसलने पर अगर यह ज्यादा चिपचिपा या रबड़ जैसा लगे तो मिलावट का शक हो सकता है. ऐसे में उसे न खाएं. वहीं, आयोडीन की कुछ बूंदें डालने पर अगर पनीर का रंग नीला पड़ जाए तो उसमें स्टार्च की मिलावट हो सकती है. खरीदते समय बहुत सस्ते पनीर से बचें और हमेशा भरोसेमंद दुकानदार से ही पनीर खरीदें. (मनुदेव की रिपोर्ट)

POST A COMMENT