घटनास्थल पर जुटी भीड़उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार को दिनदहाड़े एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. रतनपुरी थाना क्षेत्र के अकबरपुर मथेड़ी गांव के जंगल में बाइक से घर लौट रहे किसान पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी. गोली लगने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. मृतक किसान की पहचान रायपुर नागली निवासी प्रवीण उर्फ प्रविंदर के रूप में हुई है. बताया गया कि वह बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान अकबरपुर मथेड़ी गांव के जंगल में अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बनाया और फायरिंग कर दी.
हत्याकांंड की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद किसान के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया. पुलिस की ओर से मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है.
मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, टीमों को जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं.
मुजफ्फरनगर के एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि रतनपुरी थाना पुलिस को एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद थाना पुलिस, सीओ बुढ़ाना और वह स्वयं मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि प्रवीण उर्फ प्रविंदर की गोली मारकर हत्या की गई है और शव को मोर्चरी भेज दिया गया है.
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने कहा कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की जानकारी सामने आएगी.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today