केला किसानों की मुश्किलें बढ़ींरमजान का महीना हर साल किसानों के लिए आमदनी का समय होता है. इस महीने फल और सब्जियों की मांग बढ़ जाती है. आमतौर पर किसान इस महीने में अपने फलों को बेचकर अच्छा मुनाफा कमाते हैं. लेकिन इस साल अंतरराष्ट्रीय युद्ध ने सबकुछ बदल दिया है. ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने किसानों और आम जनता दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में केले उगाने वाले किसान इस समय बहुत ही कठिन स्थिति में हैं. किसान दिग्गविजय मोरे बताते हैं कि पहले उन्हें एक किलो केले का 20 से 25 रुपये में मिलता था. लेकिन अब, युद्ध और अंतरराष्ट्रीय संकटों के कारण, उन्हें प्रति किलोग्राम केवल 5 से 9 रुपये मिल रहे हैं. यह सीधे किसानों की मेहनत पर चोट है. उन्होंने 6 एकड़ में खेती की थी और 10 लाख रुपये खर्च किए थे. उम्मीद थी कि उन्हें 25 लाख रुपये का मुनाफा होगा. लेकिन अब उन्हें केवल 6 लाख रुपये ही मिल रहे हैं. इसका मतलब है कि किसानों को 4 लाख रुपये का भारी नुकसान खुद उठाना पड़ रहा है.
यह मामला सबसे गंभीर और चिंता का विषय है. किसान अपनी मेहनत कर रहे हैं, आम लोग महंगे दाम चुकाकर फल खरीद रहे हैं, लेकिन बीच में बैठे व्यापारी हर चीज का पूरा मुनाफा ले रहे हैं. यह कोई मामूली नुकसान नहीं है, यह सीधे किसानों और उपभोक्ताओं का शोषण है. सवाल उठता है कि आखिर कंज़्यूमर कोर्ट और सरकार इस अन्याय को देखकर चुप क्यों हैं? क्या उनका काम केवल रिपोर्ट देखने या सुनने तक सीमित है? किसान की मेहनत का फल और आम लोगों की जेब का पैसा, दोनों ही व्यापारी खा रहे हैं. यह स्थिति न केवल आर्थिक रूप से गलत है, बल्कि नैतिक रूप से भी गलत है.
सोलापुर के किसानों का लगभग 1300 केले का कंटेनर फंसा हुआ है. उनका उत्पादन बर्बाद होने की कगार पर है. यह सीधे किसानों के साथ अन्याय है. सिर्फ किसान ही नहीं, आम लोग भी महंगे फलों की वजह से परेशान हैं. सामान्य बाजार में 1 किलो केला 80 से 85 रुपये में बिक रहा है. ऑनलाइन बाजार में 6 केले की कीमत 70 से 80 रुपये है. यानी 12 केले की कीमत लगभग 140 से 160 रुपये हो जाती है. यह साफ संकेत है कि बाजार में असमानता और शोषण बढ़ रहा है. आम आदमी अपनी जेब पर दबाव महसूस कर रहा है, जबकि किसानों की मेहनत का पूरा लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है.
अब सवाल यह है कि आखिर इस पूरे शोषण के जिम्मेदार कौन हैं? क्या व्यापारी कानून की परवाह नहीं कर रहे? क्या कंज़्यूमर कोर्ट और सरकार सिर्फ बैठकर देखने वाले बनकर रह गई हैं? युद्ध जैसी वैश्विक समस्या के बीच किसान और आम जनता को क्यों भुगतना पड़ रहा है? क्या सिर्फ व्यापारी ही मुनाफा कमाएंगे और मेहनतकश किसान और आम लोग हमेशा नुकसान उठाते रहेंगे?
ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच युद्ध ने हमारे किसानों और आम जनता की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. रमजान के महीने में भी किसान को नुकसान हो रहा है और जनता को महंगे फल खरीदने पड़ रहे हैं. बीच में व्यापारी केवल मुनाफा कमा रहे हैं. यह स्थिति न केवल आर्थिक रूप से गलत है, बल्कि नैतिक और सामाजिक रूप से भी अस्वीकार्य है.
अब वक्त आ गया है कि कंज़्यूमर कोर्ट और सरकार किसानों और उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए तुरंत कदम उठाएं. किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य मिले और आम जनता को उचित दाम में फल मिलें. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो यह सिर्फ किसानों और जनता के साथ अन्याय ही होगा.
किसानों का शोषण और आम लोगों की परेशानी गंभीर है. इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. सरकार, कंज़्यूमर कोर्ट और संबंधित विभागों को तुरंत कदम उठाना चाहिए, ताकि यह अन्याय बंद हो और दोनों पक्षों का न्याय सुनिश्चित हो. यह केवल आर्थिक मुद्दा नहीं है, यह सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी का मामला है.
ये भी पढ़ें:
1 रुपये में दूध बेच रहा Flipkart, प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंचा मामला
Cow Dung: गोबर के दोहरे इस्तेमाल से दोगुनी हो रही इनकम, पशुपालक अपना रहे ये मॉडल
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today