MSP पर गेहूं बिक्री, जानें स्लॉट बुकिंग का आसान स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

MSP पर गेहूं बिक्री, जानें स्लॉट बुकिंग का आसान स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

मध्य प्रदेश सरकार ने 2026-27 रबी सीजन में गेहूं MSP खरीद के लिए स्लॉट बुकिंग की तारीख 23 मई तक बढ़ाई. जानिए ई-उपार्जन पोर्टल पर स्लॉट बुक करने का आसान तरीका.

Advertisement
MSP पर गेहूं बिक्री, जानें स्लॉट बुकिंग का आसान स्टेप-बाय-स्टेप तरीकामध्य प्रदेश में गेहूं बिक्री के लिए कैसे करें स्लॉट बुकिंग

किसानों को बड़ी राहत देते हुए, मध्य प्रदेश सरकार ने सोमवार को 2026-27 के रबी मार्केटिंग सीजन में गेहूं खरीद के लिए स्लॉट बुकिंग की समय सीमा बढ़ाकर 23 मई कर दी. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को इस डेडलाइन को दो-सप्ताह तक बढ़ाने की घोषणा की. यह विस्तार पिछली 9 मई की कट-ऑफ तारीख से आगे बढ़ाया गया है, ताकि यह तय किया जा सके कि कोई भी किसान समर्थन मूल्य योजना से वंचित न रह जाए.

स्लॉट बुकिंग बड़ी समस्या

स्लॉट बुकिंग कि डेडलाइन बढ़ाए जाने के बीच किसानों की बड़ी समस्या बुकिंग में आ रही परेशानी है. कई जगहों पर किसानों ने विरोध प्रदर्शन भी किया है. किसानों का आरोप है कि स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया इतनी पेचीदा है कि किसान अपना गेहूं एमएसपी पर नहीं बेच पा रहा है. किसानों की शिकायत है कि स्लॉट बुकिंग में आ रही गड़बड़ी के चलते ही मध्य प्रदेश में गेहूं की खरीद धीमी चल रही है. ऐसे में आइए जानते हैं कि किसान कैसे आसानी से स्लॉट बुकिंग करा सकते हैं ताकि गेहूं बेचने में कोई परेशानी न हो.

ई-उपार्जन पोर्टल पर जाएं

इसके लिए सबसे पहले मध्य प्रदेश सरकार के ई-उपार्जन पोर्टल पर जाना होगा. पोर्टल खुलते ही रबी सीजन 2026-27, किसान स्लॉट बुकिंग (गेहूं), किसान स्लॉट बुकिंग (चना, मसूर) जैसे ऑप्शन दिखेंगे. जिस किसान को अपना गेहूं बेचना है, उसे किसान स्लॉट बुकिंग (गेहूं) वाले ऑप्शन पर क्लिक करना होगा. 

इस पर क्लिक करते ही एक नई विंडो खुलेगी जिसमें ऊपर लिखा होगा-नया स्लॉट बुक करें (गेहूं). यहां किसानों को एक साथ कई विकल्प मिलते हैं. जैसे गेहूं की स्लॉट बुकिंग, चना मसूर की स्लॉट बुकिंग, गेहूं की स्लॉट बुकिंग की जानकारी और पावती, चना-मसूर की स्लॉट बुकिंग की जानकारी और पावती, गेहूं की स्लॉट डिलीट, चना मसूर की स्लॉट डिलीट.

स्लॉट बुकिंग के लिए ये डिटेल्स जरूरी

गेहूं की स्लॉट बुकिंग ऑप्शन में आपको जिले का नाम, किसान कोड, कैप्चा कोड और ओटीपी दर्ज करना होगा. जिले के ऑप्शन पर क्लिक करके आप यह भी पता कर सकते हैं कि किन-किन जिलों में गेहूं की खरीद चल रही है. आप जिस जिले से हैं, उसे क्लिक करके आगे का प्रोसेस चालू रख सकते हैं. अगर पहले से रजिस्टर्ड किसान हैं तो आपके मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी जाएगी जिसे स्लॉट बुकिंग के लिए दर्ज करना होगा.

जरूर याद रखें किसान कोड

अगर अपना किसान कोड भूल गए हैं तो सबसे पहले उसका रिकॉर्ड हासिल करना होगा, वरना स्लॉट बुकिंग नहीं होगी. इसके लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर 'रबी सीजन 2025-26' पर क्लिक करना होगा और अपने जिला और मोबाइल नंबर को दर्ज कर किसान कोड हासिल करना होगा.

किसान कोड डालने के बाद मोबाइल पर ओटीपी जाएगा और एक नई विंडो खुलेगी. यहां आपको 'उपार्जन केंद्र चुनें' विकल्प पर क्लिक करना है. जिस तारीख को गेहूं बेचना है उस तारीख पर क्लिक करना है. वहां आपको गेहूं की मात्रा की जानकारी मिल जाएगी, जितनी मात्रा में आप गेहूं बेच सकते हैं. ये सभी जानकारी भरने के बाद एक नया पेज खुलेगा जिसमें किसान क्रमांक, किसान का नाम, उपार्जन केंद्र, जिला, तहसील, उपज, अधिकतम उपज बेचें, बिक्री का समय आदि की जानकारी मिलती है.

मोबाइल स्लॉट बुकिंग का मैसेज

इन सभी जानकारी को भरने और उसे चेक करने के बाद सेव (सुरक्षित करें) बटन को दबा दें. जैसे ही सेव बटन दबाते हैं कंप्यूटर की स्क्रीन पर एक मैसेज आ जाएगा जिसमें गेहूं बिक्री के लिए मंडी, तारीख, समय और मात्रा की जानकारी रहेगी. ऐसा मैसेज रजिस्टर्ड मोबाइल पर भी मिलेगा. इस तरह गेहूं बिक्री के लिए आपका स्लॉट बुक हो जाएगा.

POST A COMMENT