
उत्तर प्रदेश के जौनपुर और चंदौली जनपद के तीन प्रगतिशील किसानों ने राज्य स्तर पर अपनी मेहनत, नवाचार और आधुनिक कृषि तकनीकों का लोहा मनवाया है. दिल्ली प्रेस के प्रतिष्ठित फार्म एन फूड मीडिया द्वारा आयोजित फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स-2026 में जौनपुर के इन्द्रसेन सिंह तथा चंदौली के चंद्र प्रकाश सिंह और मदनजीत सिंह को विभिन्न श्रेणियों में राज्य स्तरीय कृषि सम्मान से नवाजा गया.यह सम्मान प्रदेश के कृषि, डेयरी और एकीकृत खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों को प्रदान किया गया.
लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय हॉल में आयोजित समारोह में प्रदेशभर से चयनित प्रगतिशील किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि अधिकारियों और विशेषज्ञों ने भाग लिया. कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर सभी सम्मानित किसानों को बधाई दी और कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाने वाले किसान प्रदेश की कृषि व्यवस्था को नई दिशा दे रहे हैं.उन्होंने कृषि, डेयरी और पशुपालन के क्षेत्र में नवाचार करने वाले किसानों के प्रयासों की सराहना की. समयाभाव के कारण उन्हें कार्यक्रम से शीघ्र प्रस्थान करना पड़ा.
कृषि मंत्री के प्रस्थान के बाद उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी तथा उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (UPCAR) के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह ने विजेता किसानों को सम्मान प्रदान किया.दोनों अधिकारियों ने कहा कि ऐसे किसान आधुनिक कृषि के वास्तविक ब्रांड एंबेसडर हैं, जिनकी सफलता अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है.
जौनपुर जनपद के सोहनी निवासी प्रगतिशील किसान इन्द्रसेन सिंह को खेती में नवाचार, आधुनिक तकनीकों के प्रयोग, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और कृषि उत्पादन में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए 'बेस्ट फार्मर अवार्ड इन इनोवेटिव फार्मिंग' से सम्मानित किया गया.उनके कृषि मॉडल ने यह साबित किया है कि वैज्ञानिक पद्धतियों और नई सोच के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है.
चंदौली जिले के एकौनी गांव निवासी चंद्र प्रकाश सिंह को 'बेस्ट डेयरी/एनिमल कीपर अवार्ड' से सम्मानित किया गया. उन्हें डेयरी प्रबंधन, वैज्ञानिक पशुपालन, बेहतर नस्ल प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया.उनके कार्यों से क्षेत्र के अनेक पशुपालक और किसान प्रेरित हो रहे हैं.
चंदौली के बर्थरकला गांव निवासी मदनजीत सिंह को 'बेस्ट इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम अवार्ड' से सम्मानित किया गया. उन्होंने खेती, पशुपालन और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को एकीकृत कर ऐसा मॉडल विकसित किया है, जिससे उत्पादन लागत कम होने के साथ किसानों की आय में वृद्धि हो रही है. उनका मॉडल टिकाऊ और लाभकारी कृषि का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है.
सम्मान प्राप्त करने के बाद तीनों किसानों ने दिल्ली प्रेस के फार्म एन फूड मीडिया, कृषि विभाग उत्तर प्रदेश, संबंधित कृषि विज्ञान केंद्रों के वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं वैज्ञानिकों, कृषि विभाग के अधिकारियों तथा सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया.उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व के साथ-साथ भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी है.
सम्मानित किसानों ने कहा कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक सोच, उचित मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत के माध्यम से खेती, डेयरी और पशुपालन को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और सम्मानजनक बनाया जा सकता है. उन्होंने किसानों से नई तकनीकों को अपनाने और कृषि में नवाचार करने का आह्वान किया ताकि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सके.
तीनों किसानों की इस उपलब्धि पर जौनपुर और चंदौली सहित पूरे पूर्वांचल में खुशी की लहर है. स्थानीय किसानों, कृषि विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान किसानों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को कृषि, डेयरी और आधुनिक खेती की ओर आकर्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. यह उपलब्धि केवल तीन किसानों की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की कृषि प्रगति और नवाचार आधारित खेती की बढ़ती पहचान का भी प्रतीक है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today